Bokaro Thermal: उत्क्रमणीय उच्च विद्यालय आर्मो में नशा मुक्ति को लेकर डीवीसी अस्पताल एवं डीवीसी सीएसआर विभाग ने जागरूकता अभियान सह कैंप का आयोजन किया । कार्यक्रम का उद्देश्य छात्र-छात्राओं को नशे के दुष्प्रभावों से अवगत कराते हुए उन्हें नशे से दूर रहने के लिए प्रेरित करना था।
कार्यक्रम में डीवीसी अस्पताल के डॉ. संगीता रानी , डॉ. रितंकर चक्रवर्ती तथा सीएसआर विभाग के एमडी कलीम अंसारी, गौतम मंडल इन सबों ने अपने-अपने विचार रखे। चिकित्सकों ने कहा कि नशे की लत व्यक्ति के शारीरिक और मानसिक स्वास्थ्य को गंभीर रूप से प्रभावित करती है। कम उम्र में नशे की शुरुआत युवाओं के भविष्य को भी प्रभावित कर सकती है। उन्होंने विद्यार्थियों से नशे से दूर रहने तथा अपने आसपास के लोगों को भी इसके प्रति जागरूक करने की अपील की।

वक्ताओं ने कहा कि नशा मुक्ति केवल किसी एक व्यक्ति की जिम्मेदारी नहीं, बल्कि परिवार, विद्यालय और समाज सभी के सामूहिक प्रयास से ही संभव है। विद्यार्थियों को स्वस्थ जीवनशैली अपनाने और खेलकूद सहित सकारात्मक गतिविधियों में भाग लेने के लिए भी प्रेरित किया गया।
कार्यक्रम के दौरान उपस्थित छात्र-छात्राओं को नशे के खिलाफ जागरूक रहने तथा समाज में नशा मुक्ति का संदेश फैलाने का संकल्प दिलाया गया। इस मौके पर विद्यालय के प्रधानाध्यापक एम.डी. मीशाद अली, शिक्षक ओस्वार्ल्ड रिचर्ड तिर्की सहित बीरेंद्र कुमार महतो, ईश्वर महतो एवं प्रिया श्रेष्ठ मौजूद रहे।










