Raebareli: सोमवार को सुबह से हुई मूसलाधार बारिश ने शहर की जलनिकासी और निर्माण कार्यों की पोल खोलकर रख दी। कोतवाली नगर क्षेत्र में रायबरेली-लखनऊ मार्ग स्थित ओवरब्रिज के नीचे छोटा घोसियाना जाने वाले मुख्य मार्ग पर सड़क का एक बड़ा हिस्सा धंस गया। सड़क पर बने विशाल गड्ढे ने राहगीरों के लिए गंभीर खतरा पैदा कर दिया है। दोपहर करीब दो बजे स्थानीय लोगों ने विरोध जताते हुए जिम्मेदार विभागों की कार्यशैली पर सवाल उठाए।
लोगों का आरोप है कि अमृत योजना के तहत शहर में बड़े पैमाने पर नालियों और जलनिकासी से जुड़े कार्य कराए गए, लेकिन पहली ही तेज बारिश ने इन कार्यों की गुणवत्ता की हकीकत सामने ला दी। सड़क धंसने से बने गड्ढे के आसपास बारिश का पानी जमा है। इसकी वजह से गड्ढे की वास्तविक गहराई का अंदाजा लगाना भी मुश्किल हो रहा है। वाहन चालक और पैदल राहगीर जान जोखिम में डालकर किसी तरह इसके किनारे से निकलने को मजबूर हैं। स्थानीय लोगों ने मौके का वीडियो बनाकर सोशल मीडिया पर वायरल किया है।

शहरवासियों का कहना है कि बारिश के दौरान शहर की कई सड़कों पर बड़े-बड़े गड्ढे उभर आए हैं। इसके बावजूद संबंधित विभागों की ओर से तत्काल सुरक्षा इंतजाम नहीं किए जा रहे हैं। छोटा घोसियाना का यह मार्ग व्यस्त होने के कारण यहां कभी भी बड़ा हादसा हो सकता है।
लोगों ने सवाल उठाया कि यदि करोड़ों रुपये की योजनाओं के तहत सड़क और नालियों का निर्माण कराया गया है तो बारिश में कुछ ही समय के भीतर सड़क धंसने की नौबत क्यों आई? क्या निर्माण कार्य की गुणवत्ता की जांच हुई थी या फिर कागजों पर ही विकास पूरा कर दिया गया? स्थानीय लोगों ने प्रशासन और नगर पालिका से तत्काल गड्ढे के चारों ओर बैरिकेडिंग कराने, सड़क की मरम्मत कराने और निर्माण कार्य की गुणवत्ता की जांच कराने की मांग की है। लोगों का कहना है कि जिम्मेदारों की नींद यदि अब भी नहीं टूटी तो यह गड्ढा किसी दिन हादसे के बाद सुर्खियों में आएगा।










