Raebareli: जलभराव में छिपा गड्ढा बना काल! बस स्टैंड के पास पलटा ऑटो, कई सवारियां चोटिल

अधिवक्ताओं, न्यायाधीशों और अधिकारियों के गुजरने वाले रास्ते की बदहाली पर उठे सवाल, नगर पालिका की कार्यप्रणाली कटघरे में

Raebareli: रायबरेली शहर कोतवाली क्षेत्र में सोमवार को बस स्टैंड के समीप सड़क पर हुए जलभराव ने एक बार फिर नगर पालिका की सड़क और जलनिकासी व्यवस्था की पोल खोल दी। सोमवार 31 अगस्त को करीब 11 बजे जलभराव के बीच सड़क पर छिपे गहरे गड्ढे में एक ऑटो रिक्शा जा घुसा और अनियंत्रित होकर पलट गया। हादसे में ऑटो में सवार कई यात्रियों के चोटिल होने की सूचना है। हादसे के बाद मौके पर लोगों की भीड़ जुट गई।

स्थानीय लोगों ने घटना का वीडियो बनाकर सोशल मीडिया पर वायरल कर दिया। वायरल वीडियो में सड़क पर भरा पानी और बदहाल मार्ग साफ दिखाई दे रहा है। लोगों का कहना है कि जलभराव के कारण सड़क के गड्ढे दिखाई नहीं देते, जिससे वाहन चालक लगातार हादसों का शिकार हो रहे हैं।

सबसे बड़ा सवाल यह है कि यह कोई सुनसान या दूरदराज का रास्ता नहीं है। स्थानीय लोगों के मुताबिक इसी मार्ग से जनपद के अधिवक्ता, न्यायाधीश, अधिकारी और अन्य जिम्मेदार अधिकारियों का प्रतिदिन आवागमन होता है। इसके बावजूद सड़क पर बड़े-बड़े गड्ढे और जलभराव की समस्या जस की तस बनी हुई है। ऐसे में सवाल उठना लाजिमी है कि जब जिम्मेदारों की नजर इस सड़क से गुजरते समय भी इसकी बदहाली पर नहीं पड़ती तो आम जनता की समस्या का समाधान आखिर कौन करेगा?

नगर पालिका की अनदेखी के चलते यह मार्ग अब राहगीरों और वाहन चालकों के लिए परेशानी के साथ-साथ जानलेवा खतरा बनता जा रहा है। स्थानीय लोगों का आरोप है कि सड़क की हालत लंबे समय से खराब है और आए दिन छोटे-बड़े हादसे होते रहते हैं। बारिश के दौरान स्थिति और भयावह हो जाती है, क्योंकि पानी भरने के बाद सड़क के गड्ढे दिखाई ही नहीं देते।

ऑटो पलटने की घटना ने एक बार फिर जिम्मेदार विभाग की कार्यप्रणाली पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। लोगों ने मांग की है कि सड़क की तत्काल मरम्मत कराने के साथ जलनिकासी की स्थायी व्यवस्था की जाए, ताकि किसी बड़े हादसे का इंतजार न करना पड़े। अब देखना यह है कि जिम्मेदार इस हादसे के बाद जागते हैं या फिर अगली दुर्घटना का इंतजार करते हैं।

Other Latest News

Leave a Comment