Chutupalu Ghati Accident: रांची-रामगढ़ मुख्य मार्ग स्थित चुटूपालू घाटी में शुक्रवार देर शाम एक बार फिर बड़ा सड़क हादसा हुआ। ढलान पर तेज रफ्तार से नीचे उतर रहा एक ट्रेलर अचानक अनियंत्रित हो गया। बताया जा रहा है कि ट्रेलर का ब्रेक फेल होने के बाद चालक वाहन पर नियंत्रण नहीं रख सका। इसके बाद देखते ही देखते हाईवे पर कई वाहन उसकी चपेट में आ गए।
तीन कारों को मारी जोरदार टक्कर

रांची से रामगढ़ की तरफ जा रहे ट्रेलर संख्या RJ 05 GB 8875 ने ढलान पर आगे चल रहे वाहनों को पीछे से टक्कर मारनी शुरू कर दी। बेकाबू ट्रेलर ने एक के बाद एक तीन कारों को अपनी चपेट में ले लिया। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि वाहनों को काफी नुकसान पहुंचा। इसके बाद ट्रेलर एक एलपीटी ट्रक संख्या MH 13 EP 6041 से भी जा भिड़ा।
बाइक सवार रेलवे कर्मचारी की मौके पर मौत
हादसे के दौरान एलपीटी ट्रक की चपेट में एक मोटरसाइकिल भी आ गई। बाइक संख्या JH 01 DE 6962 पर सवार रेलवे कर्मचारी की दुर्घटनास्थल पर ही मौत हो गई। मृतक की पहचान अनगड़ा निवासी जगदेव तिर्की के रूप में हुई है। वह जगेश्वर विहार स्टेशन में कार्यरत थे।
ड्यूटी के लिए निकले थे जगदेव तिर्की
बताया गया कि जगदेव तिर्की शुक्रवार दोपहर करीब तीन बजे अपने घर से ड्यूटी के लिए निकले थे। उन्हें शायद अंदाजा भी नहीं रहा होगा कि चुटूपालू घाटी में कुछ घंटों बाद एक सड़क हादसा उनकी जिंदगी का आखिरी सफर बन जाएगा। हादसे की खबर मिलते ही परिजनों में मातम छा गया।
हाईवे पर वाहनों की लगी लंबी कतार
दुर्घटना के बाद रांची-रामगढ़ मार्ग पर अफरा-तफरी का माहौल बन गया। क्षतिग्रस्त वाहन सड़क पर फंसने के कारण दोनों तरफ वाहनों की लंबी कतार लग गई। करीब एक घंटे तक यातायात प्रभावित रहा। हाईवे पर जाम के कारण राहगीरों और वाहन चालकों को काफी परेशानी का सामना करना पड़ा।
पुलिस ने संभाला मोर्चा, घायलों को अस्पताल भेजा
हादसे की सूचना मिलने के बाद पुलिस टीम मौके पर पहुंची और राहत एवं बचाव कार्य शुरू कराया। दुर्घटनाग्रस्त वाहनों को हटाने के साथ घायलों को उपचार के लिए अस्पताल भेजा गया। पुलिस की मौजूदगी में धीरे-धीरे यातायात व्यवस्था सामान्य कराई गई।
चुटूपालू घाटी में फिर उठे सुरक्षा पर सवाल
चुटूपालू घाटी का ढलान वाला हिस्सा पहले भी सड़क हादसों के कारण चर्चा में रहा है। शुक्रवार की घटना ने एक बार फिर भारी वाहनों की रफ्तार और उनकी तकनीकी स्थिति को लेकर सवाल खड़े कर दिए हैं। खासकर ढलान वाले हिस्से में ब्रेक फेल होने की स्थिति में वाहन किस तरह जानलेवा साबित हो सकता है, यह हादसा उसका गंभीर उदाहरण है।
पुलिस ने घटना के कारणों की जांच शुरू कर दी है। शुरुआती तौर पर ब्रेक फेल होने की बात सामने आई है, हालांकि दुर्घटना की पूरी तस्वीर जांच के बाद ही स्पष्ट हो सकेगी।










