Muzaffarpur: तुर्की थाना क्षेत्र के सकरी सरैया चौक पर स्वास्थ्य मंत्री निशांत कुमार के स्वागत समारोह के दौरान भीड़ में एक युवक के गले से लाखों रुपये कीमत की सोने की चेन चोरी होने का मामला सामने आया है। घटना के बाद समारोह में मौजूद लोगों के बीच हड़कंप मच गया। पीड़ित ने तुर्की थाने में लिखित शिकायत देकर अज्ञात चोरों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है।
जानकारी के अनुसार, लदौड़ा पकड़ी निवासी राजेश मंडल अपने साथियों के साथ गुरुवार, 3 सितंबर को दोपहर करीब 2:10 बजे सकरी सरैया चौक पर स्वास्थ्य मंत्री के स्वागत समारोह में शामिल होने पहुंचे थे। स्वागत कार्यक्रम के दौरान काफी संख्या में लोगों की भीड़ मौजूद थी। इसी भीड़ का फायदा उठाकर अज्ञात चोरों ने राजेश मंडल के गले से सोने की चेन पर हाथ साफ कर दिया।

राजेश मंडल को घटना की जानकारी तत्काल नहीं हो सकी। कार्यक्रम समाप्त होने के बाद जब उन्होंने अपने गले पर हाथ लगाया तो सोने की चेन गायब मिली। इसके बाद उन्होंने आसपास काफी तलाश की और मौजूद लोगों से भी जानकारी लेने का प्रयास किया, लेकिन चेन का कोई सुराग नहीं मिला।
पीड़ित के मुताबिक, उन्होंने उक्त सोने की चेन करीब एक वर्ष पहले 2.53 लाख रुपये में खरीदी थी। वर्तमान बाजार मूल्य के अनुसार चेन की कीमत करीब सात लाख रुपये बताई जा रही है। चेन चोरी होने से पीड़ित को आर्थिक नुकसान हुआ है।
घटना के संबंध में राजेश मंडल ने तुर्की थाना प्रभारी को लिखित शिकायत देकर अज्ञात चोरों का पता लगाने और चोरी हुई चेन बरामद करने की मांग की है। वहीं, तुर्की थानाध्यक्ष सेन्टू कुमार ने बताया कि चेन चोरी की शिकायत प्राप्त हुई है। पुलिस मामले की जांच कर रही है। घटना से जुड़े तथ्यों और उपलब्ध साक्ष्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।
मंत्री के स्वागत जैसे सार्वजनिक कार्यक्रम में भीड़ के बीच हुई इस चोरी ने सुरक्षा व्यवस्था पर भी सवाल खड़े कर दिए हैं। पुलिस अब यह पता लगाने में जुटी है कि वारदात को अंजाम देने वाला आरोपी स्थानीय था या किसी संगठित गिरोह का सदस्य।










