करकेंद के Daffodils Academy में धूमधाम से मनाया गया शिक्षक दिवस, बच्चों और शिक्षकों ने मिलकर बिखेरे सांस्कृतिक रंग

केंदुआ (धनबाद): करकेंद बाज़ार स्थित प्रतिष्ठित शैक्षणिक संस्थान डेफोडिल्स एकाडेमी (Daffodils Academy) में शिक्षक दिवस (टीचर्स डे) बेहद हर्षोल्लास और धूमधाम के साथ मनाया गया। इस दौरान पूरा विद्यालय परिसर रंग-बिरंगी लाइटों और गुब्बारों से सजा हुआ था, जो आकर्षण का केंद्र बना रहा।

डॉ. राधाकृष्णन को दी गई श्रद्धांजलि

कार्यक्रम की शुरुआत भारत के पूर्व राष्ट्रपति और महान शिक्षाविद् डॉ. सर्वपल्ली राधाकृष्णन के चित्र पर माल्यार्पण कर की गई। स्कूल के सभी शिक्षक-शिक्षिकाओं ने उनके जीवन संघर्ष और शिक्षा के क्षेत्र में उनके योगदान को याद किया। साथ ही, बच्चों से उनके बताए हुए नेक रास्तों और आदर्शों पर चलने की अपील की।

कक्षा 9वीं और 10वीं के छात्रों ने शिक्षकों को किया सम्मानित

इस मौके पर कक्षा नौवीं और दसवीं के छात्र-छात्राओं ने एक मिसाल पेश की। उन्होंने अपने गुरुओं के प्रति आदर व्यक्त करते हुए सभी शिक्षक-शिक्षिकाओं को तिलक लगाया। इसके बाद उन्हें बुके (गुलदस्ता) और आकर्षक उपहार देकर सम्मानित किया। पूरे कार्यक्रम के सफल आयोजन में इन दोनों क्लास के विद्यार्थियों की मुख्य भूमिका रही।

रंगारंग कार्यक्रमों की मची धूम

शिक्षक दिवस को यादगार बनाने के लिए छात्रों ने बेहतरीन सांस्कृतिक कार्यक्रम प्रस्तुत किए। मंच पर बच्चों ने देशभक्ति और फिल्मी गानों पर नृत्य किया, नाटक की प्रस्तुति दी, भाषण दिए और मजेदार चुटकुले सुनाकर सबको हंसने पर मजबूर कर दिया। खास बात यह रही कि शिक्षकों ने भी बच्चों के साथ मिलकर इन गतिविधियों का पूरा आनंद लिया।

संस्थापक को किया याद, प्रिंसिपल ने दिया अनुशासन का संदेश

समारोह के दौरान विद्यालय के संस्थापक स्वर्गीय चंडीचरण बनर्जी (भूतपूर्व गणित शिक्षक, पुटकी उच्च विद्यालय) को भी श्रद्धापूर्वक याद किया गया। इसके बाद विद्यालय के प्राचार्य तापस बनर्जी ने सभी छात्र-छात्राओं को उज्जवल भविष्य का आशीर्वाद दिया। उन्होंने बच्चों को समझाया कि जीवन में कामयाबी पाने के लिए अनुशासन सबसे जरूरी है। अनुशासित रहकर ही कोई भी छात्र उन्नति के मार्ग पर आगे बढ़ सकता है।

Other Latest News

Leave a Comment