Raebareli: खीरों थाना क्षेत्र के कान्हामऊ गांव में रिश्तों को झकझोर देने वाला सनसनीखेज मामला सामने आया है। पैतृक जमीन अपने नाम कराने को लेकर हुए विवाद में 54 वर्षीय आशाराम पाल की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। मृतक के परिजनों की ओर से पत्नी और बेटों पर मारपीट कर हत्या करने का आरोप लगाया गया है। घटना के बाद गांव में हड़कंप मच गया।
बताया जा रहा है कि आशाराम पाल अपनी पैतृक जमीन बेचने की तैयारी कर रहे थे। वहीं, पत्नी और बेटे कथित तौर पर जमीन अपने नाम कराने का दबाव बना रहे थे। इसी जमीन को लेकर परिवार में विवाद चल रहा था। आरोप है कि विवाद के दौरान आशाराम के साथ मारपीट की गई, जिसके बाद उनकी हालत बिगड़ गई और उनकी मौत हो गई।

घटना की जानकारी मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। पुलिस के मुताबिक पोस्टमार्टम रिपोर्ट से मौत के कारणों की स्थिति और स्पष्ट होगी। फिलहाल पुलिस घटनाक्रम की जांच कर रही है और आरोपों की भी पड़ताल की जा रही है।
बताया गया है कि मृतक के बेटे और उनकी मां अपने ताऊ के साथ बाहर रहते हैं। ऐसे में पुलिस घटना से जुड़े सभी पहलुओं को खंगाल रही है। जमीन के विवाद से लेकर मारपीट और मौत तक की पूरी कड़ी को जोड़ने के लिए पुलिस परिजनों एवं संबंधित लोगों से पूछताछ कर रही है।
सीएचसी खीरों के अधीक्षक डॉ. राहुल घोष और सीओ लालगंज सुजीत कुमार राय ने मामले से संबंधित जानकारी दी। पुलिस का कहना है कि जांच और पोस्टमार्टम रिपोर्ट के आधार पर आगे की आवश्यक कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
अब सवाल यह है कि आखिर जमीन को लेकर परिवार के भीतर ऐसा क्या विवाद हुआ कि मामला मारपीट से मौत तक पहुंच गया? पुलिस जांच के बाद ही पूरे घटनाक्रम की तस्वीर साफ हो सकेगी।










