DAV Kathara के खिलाड़ियों ने बढ़ाया मान, वॉलीबॉल में तीनों बालक वर्गों में झारखंड चैंपियन

Kathara: डीएवी (DAV) पब्लिक स्कूल सीसीएल कथारा (Kathara) में गुरुवार को प्रार्थना सभा के दौरान राज्यस्तरीय डीएवी नेशनल स्पोर्ट्स प्रतियोगिताओं में शानदार प्रदर्शन करने वाले खिलाड़ियों को सम्मानित किया गया। कार्यक्रम के मुख्य अतिथि कथारा क्षेत्र के जीएम ऑपरेशन विनोद कुमार थे। विशिष्ट अतिथि मुख्य अभियंता, कथारा कोलियरी कृष्ण मुरारी और कथारा ओपी प्रभारी राजेश प्रजापति मौजूद रहे।

समारोह में वॉलीबॉल के बालक वर्ग में डीएवी कथारा के खिलाड़ियों ने शानदार प्रदर्शन किया। अंडर-14, अंडर-17 और अंडर-19 तीनों आयु वर्गों में विद्यालय की टीम झारखंड में विजेता बनी। इन तीनों वर्गों की टीमें अब राष्ट्रीय स्तर की प्रतियोगिताओं में झारखंड का प्रतिनिधित्व करेंगी। वहीं अंडर-19 बालिका वर्ग की टीम ने कांस्य पदक हासिल किया।

एथलेटिक्स में भी विद्यालय की छात्राओं ने अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन किया। सिया कुमारी ने लॉन्ग जंप और ट्रिपल जंप में स्वर्ण पदक जीता। प्राण्या कीर्ति ने हाई जंप में रजत पदक हासिल किया। दोनों खिलाड़ी राष्ट्रीय प्रतियोगिता में झारखंड का प्रतिनिधित्व करेंगी। सभी खिलाड़ियों को पदक और ट्रॉफी देकर सम्मानित किया गया।

मुख्य अतिथि विनोद कुमार ने खिलाड़ियों को बधाई देते हुए कहा कि खेल विद्यार्थियों में अनुशासन, आत्मविश्वास, नेतृत्व और टीम भावना विकसित करता है। उन्होंने शिक्षा के साथ खेल के क्षेत्र में भी लगातार बेहतर प्रदर्शन करने के लिए विद्यार्थियों को प्रेरित किया। विशिष्ट अतिथियों कृष्ण मुरारी और राजेश प्रजापति ने भी खिलाड़ियों का उत्साह बढ़ाया और उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की।

विद्यालय के प्राचार्य सह झारखंड जोन-1 के सहायक क्षेत्रीय पदाधिकारी डॉ. जीएन खान ने अतिथियों के प्रति आभार जताया। उन्होंने खिलाड़ियों की सफलता का श्रेय शारीरिक शिक्षकों शिव प्रकाश सिंह, राहुल कुमार और ओंकार मिश्रा के परिश्रम एवं मार्गदर्शन को दिया। उन्होंने कहा कि विद्यालय विद्यार्थियों को पढ़ाई के साथ खेल और अन्य सह-पाठ्यचर्या गतिविधियों में आगे बढ़ने के लिए लगातार अवसर देता रहेगा।

कार्यक्रम को सफल बनाने में विद्यालय के शिक्षक पंकज कुमार, नागेंद्र प्रसाद, डॉ. आरएस मिश्रा, जितेंद्र दुबे, असित कुमार गोस्वामी, तेजो मित्रा पाठक, बीके दसौंधी, राकेश रंजन, रितेश कुमार, आराधना, वीणा कुमारी, रेखा कुमारी, मधुमल्लिका उपाध्याय, रंजीता पाण्डेय, ओशीन, ममता पात्रा, संगीत कुमार, विकास सिंह, अश्विनी कुमार, रीति कुमारी सहित अन्य शिक्षकों का योगदान रहा।

Other Latest News

Leave a Comment