Ramgarh: अवैध कोयला खनन और तस्करी के खिलाफ CISF NK एवं पिपरवार यूनिट ने बड़ी कार्रवाई करते हुए कोयला तस्करों के नेटवर्क पर करारा प्रहार किया है। रामगढ़ जिले के पारसबेडा जंगल में चलाए गए विशेष छापेमारी अभियान के दौरान करीब 70 टन अवैध कोयला, एक हाइवा वाहन और लगभग 11 लाख रुपये मूल्य की ऑटोमेटिक माइन ड्रिल मशीन जब्त की गई। MMDR अधिनियम के तहत की गई इस कार्रवाई से अवैध खनन गतिविधियों में संलिप्त लोगों में हड़कंप मच गया है।
कमांडेंट अमित कुमार के निर्देश पर चला विशेष अभियान

CISF यूनिट CCL NK एवं पिपरवार के कमांडेंट अमित कुमार के निर्देश पर CCL कुजू क्षेत्र में अवैध कोयला खनन एवं तस्करी के खिलाफ विशेष छापेमारी अभियान चलाया गया। अभियान की जिम्मेदारी उप कमांडेंट अजय कुमार पांडेय और सहायक कमांडेंट हर्ष लवानिया को सौंपी गई थी। कार्रवाई में CCL के महाप्रबंधक कल्याण जी प्रसाद और कुजू के महाप्रबंधक फूल झा का भी सहयोग एवं मार्गदर्शन प्राप्त हुआ।
हाईवे से दो किलोमीटर अंदर जंगल में हुई छापेमारी
CISF की टीम ने पारसबेडा जंगल में हाईवे सड़क से करीब दो किलोमीटर अंदर पहुंचकर छापेमारी की। जंगल के दुर्गम इलाके में अभियान को प्रभावी बनाने के लिए ड्रोन के जरिए निगरानी और सर्विलांस किया गया। इससे पूरे क्षेत्र की गतिविधियों पर नजर रखने में मदद मिली। छापेमारी के दौरान टीम को मौके से करीब 70 टन अवैध कोयला और खनन में इस्तेमाल होने वाली बड़ी ऑटोमेटिक माइन ड्रिल मशीन मिली।
हाइवा और 11 लाख की ड्रिल मशीन भी जब्त
कार्रवाई के दौरान CISF ने कोयले की ढुलाई में इस्तेमाल किए जा रहे हाइवा वाहन (JH12D-5282) को भी जब्त कर लिया। इसके अलावा करीब 11 लाख रुपये मूल्य की ऑटोमेटिक माइन ड्रिल मशीन बरामद की गई। इतनी बड़ी मात्रा में कोयला और खनन उपकरणों की बरामदगी से जंगल क्षेत्र में अवैध खनन गतिविधियों के संचालन का मामला सामने आया है।
CISF और CCL के अधिकारियों की रही मौजूदगी
अभियान के दौरान CCL झारखंड क्षेत्र के केदला के परियोजना पदाधिकारी मनोज कुमार सिंह समेत कुजू एवं चरही क्षेत्र के अधिकारी और कर्मचारी मौके पर मौजूद रहे। छापेमारी में इंस्पेक्टर रश्मि, इंस्पेक्टर पंकज झा, इंस्पेक्टर एमके सिंह, CCL ASO समीत कुमार सिन्हा, CCL इंस्पेक्टर आरके बिमल, इंस्पेक्टर मनेही कुमार, एसआई अनिल राय, एसआई चंद्रभान, CCL के एएसआई रमेश राउत और चरही क्षेत्र के ASO राजकुमार सहित CISF के जवानों एवं CCL सुरक्षा कर्मियों ने सक्रिय भूमिका निभाई।
CCL कुजू प्रबंधन को सौंपा गया जब्त सामान
छापेमारी में जब्त किए गए करीब 70 टन कोयले, हाइवा वाहन और ऑटोमेटिक माइन ड्रिल मशीन को आगे की आवश्यक कार्रवाई के लिए CCL कुजू प्रबंधन के सुपुर्द कर दिया गया। इस संयुक्त अभियान को अवैध कोयला खनन और तस्करी पर लगाम लगाने की दिशा में महत्वपूर्ण कार्रवाई माना जा रहा है।
ड्रोन सर्विलांस से अवैध खनन करने वालों को सख्त संदेश
CISF और CCL की संयुक्त कार्रवाई ने स्पष्ट कर दिया है कि कोयला क्षेत्रों में अवैध खनन और तस्करी के खिलाफ सुरक्षा एजेंसियां लगातार निगरानी कर रही हैं। ड्रोन सर्विलांस के इस्तेमाल से की गई इस छापेमारी को विशेष रूप से अहम माना जा रहा है। अब क्षेत्र में अवैध खनन गतिविधियों पर आगे क्या कार्रवाई होती है, इस पर लोगों की नजर रहेगी।










