Raebareli: सेवा भारती ने जरूरतमंद घुमंतू परिवारों को बांटी दीपावली किट, बच्चों के चेहरों पर खिली मुस्कान

विभाग प्रचारक अमित राजावत बोले- घुमंतू परिवारों की स्थिति देखकर मन व्यथित होता है, समाज में समानता के लिए जागरूकता जरूरी

Raebareli: दीपावली के पावन पर्व पर जरूरतमंद और वंचित परिवारों के चेहरों पर खुशियां लाने के उद्देश्य से राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ से जुड़े सेवा भारती संगठन की ओर से विशेष सेवा अभियान चलाया गया। इसके तहत दूरभाष नगर, बालापुर सहित शहर के विभिन्न क्षेत्रों में रहने वाले घुमंतू एवं जरूरतमंद परिवारों को दीपावली किट वितरित की गई। किट पाकर बच्चों और उनके परिजनों के चेहरों पर खुशी देखने को मिली।

इस अवसर पर राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के विभाग प्रचारक अमित राजावत ने सेवा भारती के इस प्रयास की सराहना करते हुए कहा कि समाज के जरूरतमंद और वंचित वर्गों तक पहुंचकर उनकी खुशियों में सहभागी बनना सराहनीय पहल है। उन्होंने कहा कि सड़क किनारे कपड़े के अस्थायी टेंट बनाकर जीवन गुजारने वाले घुमंतू परिवारों की स्थिति देखकर मन व्यथित हो जाता है। विशेषकर इन परिवारों के छोटे-छोटे बच्चों की परिस्थितियां हृदय को द्रवित कर देती हैं। समाज में समानता और समरसता स्थापित करने के लिए केवल प्रयास ही नहीं, बल्कि व्यापक सामाजिक जागरूकता भी आवश्यक है। जब समाज का प्रत्येक व्यक्ति जरूरतमंदों के प्रति संवेदनशील होगा, तभी वास्तविक सामाजिक परिवर्तन संभव है।

संघ के विभाग सेवा प्रमुख गया प्रसाद ने बताया कि सेवा भारती की ओर से नगर के सोनिया नगर, बालापुर, इंदिरा नगर और मुंशीगंज सहित विभिन्न क्षेत्रों में रहने वाले घुमंतू परिवारों को चिह्नित कर दीपावली किट वितरित की गई। संगठन का प्रयास है कि कोई भी जरूरतमंद परिवार त्योहार की खुशियों से वंचित न रहे।

इसके साथ ही सेवा भारती द्वारा बालिकाओं को स्वावलंबी बनाने के उद्देश्य से संचालित कुंज मेकओवर सेंटर में भी दीपावली का उत्सव मनाया गया। यहां बच्चों के बीच मिठाई वितरित कर उन्हें त्योहार की खुशियों में शामिल किया गया।

कार्यक्रम में साधना शर्मा, अंजली शुक्ला, ममता गुप्ता, सेवा भारती के विभाग अध्यक्ष सुशील गुप्ता, जिला अध्यक्ष नीरज गुप्ता, बस्ती प्रमुख रमेश तिवारी, नगर कार्यवाह शिवानंद, दिलीप श्रीवास्तव सहित संगठन के अनेक कार्यकर्ता एवं सहयोगी उपस्थित रहे। सभी ने सेवा कार्य में सहभागिता निभाते हुए जरूरतमंद परिवारों के साथ दीपावली की खुशियां साझा कीं।

Other Latest News

Leave a Comment