Bhopal: माँ अम्बे सरकार दरबार में 11 हजार पार्थिव शिवलिंग निर्माण महायज्ञ सम्पन्न

Bhopal: डमरू के निनाद और हर-हर महादेव के जयघोष के साथ महाकाल की तर्ज पर निकली भव्य मणि महेश शोभायात्रा

Bhopal: सावन के पवित्र माह में माँ अम्बे सरकार दरबार, जनता कॉलोनी में श्रद्धा, आस्था और भक्ति का अद्भुत संगम देखने को मिला। यहां 11,000 पार्थिव शिवलिंग निर्माण महायज्ञ का भव्य आयोजन किया गया। परम पूज्य शशांक शेखर जी महाराज के सानिध्य में सम्पन्न हुए इस दिव्य अनुष्ठान में सैकड़ों श्रद्धालुओं ने सहभागिता की।

महायज्ञ के दौरान श्रद्धालुओं ने अपने हाथों से भगवान शिव के पार्थिव शिवलिंग एवं रुद्र का निर्माण किया। वैदिक मंत्रोच्चार, महामृत्युंजय मंत्र एवं हर-हर महादेव के जयघोष से पूरा आयोजन स्थल शिवमय हो गया। महाराज जी द्वारा पार्थिव शिवलिंग का विशेष अभिषेक एवं विधि-विधान से पूजन कराया गया। श्रद्धालुओं ने भगवान भोलेनाथ से सुख, शांति, समृद्धि एवं परिवार की मंगलकामना की।

महाकाल की तर्ज पर निकली मणि महेश शोभायात्रा

महायज्ञ के पश्चात भगवान भोलेनाथ (Bhagwan Bholenath) के मणि महेश स्वरूप में भव्य शोभायात्रा निकाली गई। शोभायात्रा में बड़ी संख्या में शिवभक्त एवं श्रद्धालु शामिल हुए। डमरू के निनाद और ‘बम-बम भोले’ तथा ‘हर-हर महादेव’ के जयघोष से वातावरण भक्तिमय हो उठा।

शोभायात्रा में महाराज जी के शिष्यों का डमरू दल विशेष आकर्षण का केंद्र रहा। हाथों में डमरू लिए शिवभक्तों की टोली ने अपनी शानदार प्रस्तुति से श्रद्धालुओं का मन मोह लिया। मार्ग में जगह-जगह श्रद्धालुओं ने शोभायात्रा का स्वागत किया और भगवान मणि महेश के दर्शन कर आशीर्वाद प्राप्त किया।

माँ अम्बे सरकार दरबार, जनता कॉलोनी से प्रारंभ हुई शोभायात्रा नगर भ्रमण करती हुई श्री संकट मोचन हनुमान मंदिर पहुंची, जहां विशेष रूप से तैयार किए गए कृत्रिम कुंड में पार्थिवेश्वर शिवलिंगों का विधि-विधान से विसर्जन किया गया। इस दौरान श्रद्धालुओं ने ‘हर-हर महादेव’ के जयघोष के साथ भगवान शिव को विदाई दी।

पूरे आयोजन में श्रद्धालुओं का उत्साह देखते ही बनता था। सावन के अवसर पर आयोजित इस धार्मिक अनुष्ठान ने शहर में आध्यात्मिक एवं भक्तिमय वातावरण निर्मित कर दिया।

Other Latest News

Leave a Comment