Bokaro Thermal: भारतीय जनता पार्टी (BJP) के संस्थापक एवं जनसंघ के प्रणेता डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी (Dr. Shyama Prasad Mukherjee) की पुण्यतिथि पर मंगलवार को बोकारो थर्मल (Bokaro Thermal) गोविन्दपुर सी पंचायत (Govindpur C Panchayat) के पिड़वाटांड केंद्र में भाजपा कार्यकर्ताओं द्वारा श्रद्धांजलि सभा आयोजित की गई। भाजपा (BJP) द्वारा इस दिन को प्रत्येक वर्ष “बलिदान दिवस” (Balidan Diwas) के रूप में मनाया जाता है।
कार्यक्रम की शुरुआत डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी के चित्र पर पुष्प अर्पित कर एवं दीप प्रज्वलित कर की गई। उपस्थित कार्यकर्ताओं ने दो मिनट का मौन रखकर उनके राष्ट्रहित में दिए गए योगदान और बलिदान को नमन किया।

इस अवसर पर भाजपा युवा मोर्चा के पूर्व जिला अध्यक्ष श्रवण सिंह ने कहा कि डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी (Dr. Shyama Prasad Mukherjee) महान शिक्षाविद, चिंतक और राष्ट्रवादी नेता थे। उन्होंने देश की एकता और अखंडता के लिए अपना जीवन समर्पित कर दिया। उन्होंने कहा कि डॉ. मुखर्जी का “एक देश में दो विधान, दो निशान, दो प्रधान नहीं चलेंगे” का संकल्प आज भी कार्यकर्ताओं को प्रेरणा देता है।
श्रवण सिंह ने उनके जीवन पर प्रकाश डालते हुए कहा कि वर्ष 1953 में जम्मू-कश्मीर को भारत का अभिन्न अंग बनाए रखने के आंदोलन के दौरान डॉ. मुखर्जी ने बिना परमिट कश्मीर जाने का निर्णय लिया था, जिसके बाद उन्हें गिरफ्तार किया गया और 23 जून 1953 को उनकी मृत्यु हो गई। कार्यक्रम में भाजपा कार्यकर्ताओं ने डॉ. मुखर्जी के आदर्शों पर चलने तथा राष्ट्र की एकता और अखंडता के लिए कार्य करने का संकल्प लिया।
मौके पर वीरेश निषाद, धीरज शर्मा, अजीत सिंह, सागर राम, विकास तिवारी, रमेश सिंह, रंजीत राम, मिथिलेश शर्मा सहित बड़ी संख्या में भाजपा कार्यकर्ता मौजूद थे।










