Bokaro Thermal: रेलवे स्टेशन मार्केट स्थित हनुमान मंदिर का स्थापना दिवस बुधवार को श्रद्धा, आस्था और भक्ति के वातावरण में धूमधाम से मनाया जा रहा है। इस पावन अवसर पर मंदिर परिसर में 24 घंटे का अखंड “हरे राम-हरे कृष्ण” हरि कीर्तन प्रारंभ हुआ, जिसमें बड़ी संख्या में श्रद्धालु शामिल होकर भक्ति रस में सराबोर हो रहे हैं।
पूरे मंदिर परिसर में भजनों और संकीर्तन की मधुर ध्वनि से आध्यात्मिक वातावरण बना हुआ है। स्थापना दिवस को लेकर मंदिर को आकर्षक विद्युत सज्जा और रंग-बिरंगी झालरों से भव्य रूप से सजाया गया है, जिससे श्रद्धालुओं के बीच उत्साह का माहौल है।

मंदिर के पुजारी राजेंद्र मिश्रा एवं रामायण मिश्रा ने यजमान कृष्णा सोनार से वैदिक मंत्रोच्चार एवं विधि-विधान के साथ विशेष पूजा-अर्चना संपन्न कराकर 24 घंटे के अखंड “हरे राम-हरे कृष्ण” हरि कीर्तन का शुभारंभ कराया।
आयोजकों ने बताया कि अखंड हरि कीर्तन का समापन गुरुवार की संध्या 6 बजे महाआरती के बाद भोग अर्पण एवं प्रसाद वितरण के साथ होगा।
इस धार्मिक आयोजन को सफल बनाने में कीर्तन मंडली के रामानंद सिंह, अर्जुन यादव, राजमोहन, बाघेश्वर यादव, भैरो गिरी एवं मिथिलेश यादव सहित अनेक श्रद्धालुओं की सक्रिय भागीदारी रही। कार्यक्रम में मंदिर समिति के पदाधिकारी, सदस्य तथा बड़ी संख्या में श्रद्धालु उपस्थित होकर भगवान हनुमान के चरणों में अपनी आस्था अर्पित कर रहे हैं।










