Bokaro Thermal: डीवीसी सीएसआर एवं बोकारो थर्मल अस्पताल के संयुक्त तत्वावधान में सोमवार को नावाडीह प्रखंड के उत्क्रमित मध्य विद्यालय, परसाबेड़ा में एक दिवसीय डायरिया जागरूकता एवं एनीमिया जांच शिविर का आयोजन किया गया।
शिविर में बोकारो थर्मल अस्पताल के चिकित्सक डॉ. प्रकाश नायक एवं उनकी टीम ने विद्यालय के छात्र-छात्राओं का सामान्य स्वास्थ्य परीक्षण किया। इस दौरान बच्चों को डायरिया से बचाव, स्वच्छ पेयजल के उपयोग, हाथ धोने की सही विधि, व्यक्तिगत स्वच्छता तथा संतुलित आहार के महत्व के बारे में विस्तार से जानकारी दी गई।

स्वास्थ्य जांच के दौरान कुल 68 छात्र-छात्राओं की जांच की गई। जांच में एनीमिया से पीड़ित पाए गए बच्चों को आवश्यकतानुसार निःशुल्क दवाएं उपलब्ध कराई गईं तथा नियमित पौष्टिक भोजन एवं स्वास्थ्य संबंधी आवश्यक सुझाव दिए गए।
कार्यक्रम के दौरान स्वास्थ्य कर्मियों ने बच्चों को स्वस्थ जीवनशैली अपनाने, साफ-सफाई को दैनिक आदत बनाने तथा संक्रामक बीमारियों से बचाव के प्रति जागरूक किया। विद्यालय प्रबंधन ने इस पहल की सराहना करते हुए कहा कि ऐसे स्वास्थ्य शिविर विद्यार्थियों के शारीरिक विकास और स्वास्थ्य सुरक्षा के लिए अत्यंत लाभकारी हैं।
इस अवसर पर हेल्थ इंस्पेक्टर कृष्णा कुमार, गौतम मंडल, एमडी कलीम अंसारी, डीवीसी सीएसआर प्रतिनिधि जीवाधन महतो, विद्यालय के प्रधानाध्यापक संदीप कुमार, सहायक शिक्षक जय प्रकाश साव तथा योगेंद्र नाथ नायक सहित अन्य लोग उपस्थित थे। शिविर के आयोजन से छात्र-छात्राओं में स्वास्थ्य एवं स्वच्छता के प्रति जागरूकता बढ़ी।










