Bokaro Thermal: डीवीसी (DVC) ठेका मजदूर संघ के महामंत्री सह रांची महानगर भाजपा प्रभारी भरत यादव ने गुरुवार को डीवीसी मुख्यालय, कोलकाता में नवपदस्थापित चेयरमैन राजेश पाण्डेय (भाप्रसे) एवं कार्यपालक निदेशक (मानव संसाधन) सौरभ शर्मा से शिष्टाचार भेंट कर उन्हें पदभार ग्रहण करने पर पुष्पगुच्छ भेंट कर स्वागत किया तथा बधाई एवं शुभकामनाएं दीं।
इस अवसर पर भरत यादव ने बोकारो थर्मल में नई इकाई स्थापित करने की मांग के साथ श्रमिकों की विभिन्न लंबित समस्याओं एवं मांगों से संबंधित ज्ञापन भी सौंपा। उन्होंने उच्च न्यायालय, रांची के निर्देशानुसार संविदा पर कार्यरत शिक्षकों का स्थायीकरण करने, पारा मेडिकल कर्मियों का पूर्व की भांति कौशल परीक्षण एवं साक्षात्कार के माध्यम से सेवा विस्तार करने तथा बोकारो थर्मल एवं चंद्रपुरा के कैंटीन कर्मियों को केंद्रीय उप मुख्य श्रमायुक्त, धनबाद द्वारा निर्धारित वेतनमान लागू करने की मांग उठाई।

इसके अलावा सेवानिवृत्त कर्मचारियों के आवास आवंटन नीति को व्यवहारिक बनाने, सप्लाई मजदूरों को ऊर्जा भत्ता देने, सेवानिवृत्त सप्लाई मजदूरों को समय पर ग्रेच्युटी का भुगतान सुनिश्चित करने तथा ग्रेच्युटी राशि से आवास किराया के नाम पर की जा रही 60 गुना कटौती वापस लेने की मांग भी प्रमुखता से रखी गई।
भरत यादव ने कैजुअल श्रमिकों को भारत सरकार के कार्मिक विभाग के समेकित दिशा-निर्देशों के अनुरूप वेतन एवं सुविधाएं प्रदान करने, बोकारो थर्मल के आवासीय परिसर में विद्युत अनुरक्षण कार्य में लगे श्रमिकों को समान कार्य के लिए समान वेतन एवं सुविधाएं देने तथा मुख्यालय एवं विभिन्न प्रतिष्ठानों में एएमसी एवं एआरसी पद्धति के अंतर्गत स्थायी प्रकृति के कार्यों में लगे ठेका श्रमिकों के लिए एक समान नीति बनाकर उनके वेतन एवं सुविधाओं में वृद्धि करने की मांग भी रखी।
मांगों पर सकारात्मक चर्चा के दौरान डीवीसी चेयरमैन राजेश पाण्डेय एवं कार्यपालक निदेशक (मानव संसाधन) सौरभ शर्मा ने आश्वस्त किया कि सभी बिंदुओं पर अद्यतन जानकारी प्राप्त कर यथाशीघ्र विधिसम्मत एवं सकारात्मक कार्रवाई की जाएगी।
भेंट के दौरान भाजपा नेता मनोज सिंह, अरुण सिंह, डीवीसी मजदूर संघ के अनिल सिंह तथा कैजुअल श्रमिकों के प्रतिनिधि मंटू जी भी उपस्थित थे।









