Indore Crime News: बड़े पापा की हत्या का निकला चौंकाने वाला सच, पुलिस ने कुछ घंटों में सुलझाया ब्लाइंड मर्डर केस

Indore: इंदौर के चंदन नगर में बड़े पापा की हत्या का सनसनीखेज खुलासा! 19 वर्षीय भतीजे ने नशे की लत और पारिवारिक विवाद के चलते चाकू से की हत्या; पुलिस ने घंटों में सुलझाया केस

Indore: इंदौर के चंदन नगर थाना क्षेत्र स्थित राज नगर में हुई 50 वर्षीय कमल कुमावत की हत्या का पुलिस ने कुछ ही घंटों में खुलासा कर दिया। शुरुआत में मामला पूरी तरह ब्लाइंड मर्डर माना जा रहा था, लेकिन घटनास्थल से जुटाए गए तकनीकी और भौतिक साक्ष्यों ने पुलिस को परिवार के भीतर ही शक की दिशा में पहुंचा दिया। जांच आगे बढ़ी तो सामने आया कि हत्या किसी बाहरी व्यक्ति ने नहीं, बल्कि मृतक के 19 वर्षीय सगे भतीजे चेतन कुमावत ने की थी।

तीन टीमों ने संभाली जांच, CCTV और पूछताछ बनी सबसे बड़ा सुराग

पुलिस आयुक्त संतोष कुमार सिंह के निर्देश पर अतिरिक्त पुलिस आयुक्त मयंक अवस्थी, डीसीपी सुनील मेहता और अन्य अधिकारियों की निगरानी में थाना चंदन नगर की तीन विशेष टीमों का गठन किया गया। मौके पर डॉग स्क्वाड, फिंगर प्रिंट एक्सपर्ट, वैज्ञानिक अधिकारी और साइबर सेल की मदद से साक्ष्य जुटाए गए।

जांच के दौरान आसपास के सीसीटीवी फुटेज खंगाले गए, पड़ोसियों और परिवार के सदस्यों से अलग-अलग पूछताछ की गई। इसी दौरान छोटे भतीजे के जवाबों में विरोधाभास दिखाई दिया, जिसके बाद पुलिस ने उससे सख्ती नहीं बल्कि रणनीतिक तरीके से पूछताछ की। आखिरकार उसने अपना जुर्म कबूल कर लिया।

नशे की लत और पारिवारिक मनमुटाव बना हत्या की वजह

पूछताछ में आरोपी ने बताया कि वह ब्राउन शुगर का आदी है और अक्सर अपने बड़े पापा से रुपये मांगता था। पहले संयुक्त परिवार होने के कारण रिश्ते सामान्य थे, लेकिन संपत्ति के बंटवारे के बाद दोनों परिवारों के बीच दूरी बढ़ गई। आरोपी का दावा है कि घटना से पहले भी उसने पैसों की मांग की थी, लेकिन इनकार मिलने के बाद उसने हत्या की योजना बना ली।

रात करीब ढाई बजे उसने रसोई से चाकू उठाया और सो रहे ताऊ पर ताबड़तोड़ वार कर दिए। हमले में कमल कुमावत की मौके पर ही मौत हो गई।

वारदात के बाद गुमराह करने की कोशिश भी की

हत्या के बाद आरोपी ने अलमारी की चाबी निकालकर नकदी तलाशने की कोशिश की, लेकिन रुपये नहीं मिले। पुलिस का ध्यान भटकाने के लिए उसने अलमारी में रखे गहनों को नहीं छुआ। इतना ही नहीं, खून से सने हाथों के निशान दीवार पर लगाए और ऐसा माहौल बनाने की कोशिश की कि किसी बाहरी व्यक्ति ने वारदात को अंजाम दिया हो।

इसके बाद उसने अपने कपड़ों और शरीर पर लगा खून साफ किया, कपड़े घर के पीछे फेंक दिए और हाथ-पैर धोकर अपने कमरे में जाकर सो गया।

सुबह खुद मचाया शोर, लेकिन पुलिस की जांच में खुल गई साजिश

सुबह आरोपी सामान्य दिन की तरह घर से काम पर चला गया। हालांकि शरीर पर लगी चोटों के कारण उसे वापस घर भेज दिया गया। घर लौटने के बाद वह ऊपर कमरे में पहुंचा और जोर-जोर से चिल्लाकर परिवार और पड़ोसियों को बुलाया। घायल कमल कुमावत को अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।

पुलिस को शुरुआती घटनाक्रम में कुछ बातें संदिग्ध लगीं, जिसके बाद जांच की दिशा बदली और पूरा मामला खुलकर सामने आ गया।

आरोपी गिरफ्तार, हत्या में इस्तेमाल चाकू और कपड़े जब्त

पुलिस ने आरोपी चेतन कुमावत (19) को गिरफ्तार कर लिया है। घटनास्थल से हत्या में प्रयुक्त चाकू, आरोपी के खून से सने कपड़े और पीछे फेंका गया कपड़ा बरामद कर जब्त किया गया है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट और अन्य साक्ष्यों के आधार पर थाना चंदन नगर में भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 103(1) के तहत मामला दर्ज कर आगे की जांच जारी है।

Other Latest News

Leave a Comment