बोकारो: पूर्व मंत्री व जेडीयू विधायक सरयू राय (Saryu Roy) ने मंगलवार को बोकारो थर्मल स्थित डीवीसी (DVC) के सीवेज ट्रीटमेंट प्लांट और डीवीसी ऐश पौंड का औचक निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान उनके साथ जरमुंडी विधायक देवेंद्र कुंवर और डीवीसी के स्थानीय पदाधिकारी, डीवीसी के सीजीएम और पार्टी कार्यकर्ता मौजूद रहे। सरयू राय ने एसटीपी (STP) की कार्यक्षमता, ट्रीटमेंट के बाद निकलने वाले पानी की गुणवत्ता और उसके डिस्पोजल सिस्टम की जानकारी ली।
उन्होंने अधिकारियों से पूछा कि क्या गंदे पानी का शत-प्रतिशत शोधन हो रहा है। ऐश पौंड के निरीक्षण के दौरान उन्होंने राख के सुरक्षित भंडारण, उड़न राख से होने वाले वायु प्रदूषण रोकने के उपायों और पौंड की चारदीवारी/बांध की मजबूती की समीक्षा की।

सरयू राय ने कहा कि बोकारो थर्मल क्षेत्र के विकास के साथ-साथ पर्यावरण सुरक्षा भी उतनी ही जरूरी है। डीवीसी जैसी संस्थाओं की जिम्मेदारी है कि बिजली उत्पादन के साथ-साथ आसपास के जीवन और प्रकृति को भी सुरक्षित रखे।
मौके पर डीवीसी के सीजीएम सह परियोजना प्रधान सुशील कुमार अरजरिया, महाप्रबंधक एचआर एए कुजूर, डीजीएम तिताबार रहमान, वरीय प्रबंधक सिविल सरफराज शेख, भाजपा नेता प्रहलाद बरनवाल, विनय सिंह, श्रवण सिंह, विश्वनाथ यादव, हरेराम यादव, जितेंद्र यादव सहित अन्य कई अधिकारी एवं जनप्रतिनिधि मौजूद रहे।










