बोकारो थर्मल स्थित सरना पूजा स्थल (Sarna Puja Sthal) में लगे सखुआ के पेड़ को अज्ञात लोगों द्वारा तोड़े जाने की घटना से सरना समिति के लोगों में आक्रोश है। मामले को लेकर शनिवार को सरना पूजा समिति के सदस्यों ने बोकारो थर्मल थाना में दोबारा लिखित शिकायत देकर दोषियों के खिलाफ कार्रवाई और गिरफ्तारी की मांग की है।
सरना पूजा समिति के अध्यक्ष मनीराम मांझी और नावाडीह प्रखंड 20 सूत्री अध्यक्ष सह समिति के उपाध्यक्ष बृजलाल हांसदा ने बताया कि करीब 15 दिन पहले भी सरना स्थल में लगे सखुआ के पेड़ को अज्ञात लोगों ने क्षतिग्रस्त किया था, जिसकी शिकायत थाना में की गई थी। लेकिन कार्रवाई नहीं होने के कारण शुक्रवार की रात फिर एक सखुआ के पेड़ को तोड़ दिया गया।

समिति के सदस्यों ने चेतावनी दी है कि यदि एक सप्ताह के अंदर दोषियों की पहचान कर गिरफ्तारी नहीं की गई तो बोकारो थर्मल से लेकर पूरे झारखंड में आंदोलन किया जाएगा।
घटना की सूचना मिलने के बाद बोकारो थर्मल थाना की पुलिस सरना स्थल पहुंची और मामले की जांच शुरू की। सरना समिति के लोगों ने बताया कि बोकारो थर्मल सरना स्थल में आदिवासी समाज के लोग प्रत्येक वर्ष दिशोम बहा बोंगा सरहुल पर्व धूमधाम से मनाते हैं। यहां लगे सखुआ पेड़, फूल और पत्तों की पूजा-अर्चना की जाती है। पूजा कर उनकी रक्षा करने की सपथ भी लेते हैं।
मौके पर सरना समिति अध्यक्ष मनीराम मुर्मू, बृजलाल हांसदा, समिति सचिव राजेश हांसदा, अनिल हेम्ब्रम, राजेश हेम्ब्रम, लखन हांसदा, मोतीलाल बेसरा, यौधन बास्के, विशुनलाल बेसरा, लखन बेसरा सहित अन्य सदस्य मौजूद थे।










