MP IPS Transfer: मध्य प्रदेश सरकार ने पुलिस प्रशासन में नई ऊर्जा और बेहतर समन्वय लाने के उद्देश्य से भारतीय पुलिस सेवा (IPS) के अधिकारियों के तबादले किए हैं। गृह विभाग की ओर से जारी आदेश में कुल नौ आईपीएस अधिकारियों को नई जिम्मेदारियां सौंपी गई हैं। इस फेरबदल में पुलिस मुख्यालय से लेकर जिला स्तर तक महत्वपूर्ण पदों पर बदलाव देखने को मिला है। दो जिलों के पुलिस अधीक्षकों (SP) को भी नई तैनाती दी गई है।
आईजी स्तर पर जिम्मेदारियों का हुआ पुनर्वितरण
तबादला आदेश के तहत अब तक एससीआरबी में पुलिस महानिरीक्षक (IG) के रूप में कार्यरत हरिनारायण चारी मिश्र को पुलिस मुख्यालय में पुलिस महानिरीक्षक (प्रशासन) की जिम्मेदारी सौंपी गई है। वहीं, प्रशासन शाखा में कार्यरत रुचिवर्धन मिश्र को भोपाल ग्रामीण क्षेत्र का पुलिस महानिरीक्षक बनाया गया है। माना जा रहा है कि यह बदलाव प्रशासनिक कार्यों को अधिक प्रभावी बनाने की रणनीति का हिस्सा है।

शाजापुर और शहडोल को मिले नए पुलिस अधीक्षक
राज्य सरकार ने जिला पुलिस नेतृत्व में भी बदलाव किया है। शाजापुर के पुलिस अधीक्षक यशपाल सिंह राजपूत को इंदौर रेल पुलिस अधीक्षक के पद नियुक्त किया गया है। उनकी जगह भोपाल में सहायक पुलिस महानिरीक्षक के रूप में कार्यरत प्रियंका शुक्ला का नया एसपी नियुक्त किया गया है।
इसी तरह शहडोल के पुलिस अधीक्षक राजी श्रीवास्तव को मध्य प्रदेश पुलिस अकादमी, भौंरी में सहायक पुलिस महानिरीक्षक की जिम्मेदारी दी गई है। उनकी जगह पुलिस अकादमी भौंरी से संजय कुमार को शहडोल का नया पुलिस अधीक्षक बनाया गया है।
सरकार का उद्देश्य प्रशासनिक व्यवस्था को मजबूत करना
पुलिस विभाग में किए गए इस बदलाव को सामान्य तबादले से अधिक प्रशासनिक रणनीति के रूप में देखा जा रहा है। सरकार का प्रयास है कि अनुभवी अधिकारियों की क्षमताओं का बेहतर उपयोग उन स्थानों पर किया जाए, जहां उनकी कार्यशैली से कानून-व्यवस्था और प्रशासनिक व्यवस्था को मजबूती मिल सके। वरिष्ठ अधिकारियों को भी ऐसे पद दिए गए हैं, जहां समन्वय और निगरानी की भूमिका अधिक महत्वपूर्ण मानी जाती है।










