Raebareli: भदोखर थाना क्षेत्र के ग्राम पुरवा पिंडोर में लैट्रिन की छत डालने को लेकर दो पक्षों में विवाद के बाद मारपीट का मामला सामने आया है। आरोप है कि छत डालने का विरोध करने पहुंचे गांव के कुछ लोगों ने लाठी-डंडों और लोहे की रॉड से हमला कर दिया। मारपीट में एक परिवार के तीन लोग घायल हो गए। घायलों को एंबुलेंस की मदद से जिला अस्पताल पहुंचाया गया, जहां उनका उपचार चल रहा है।
बताया गया कि 30 सितंबर की शाम करीब पांच बजे पीड़ित पक्ष के संदीप त्रिपाठी अपने घर में लैट्रिन की छत डलवा रहे थे। इसी दौरान गांव के ही शिवशंकर तिवारी, प्रेम शंकर तिवारी, अभय तिवारी, विनय तिवारी और अरविंद मौके पर पहुंचे और छत डालने का विरोध करने लगे। आरोप है कि कहासुनी बढ़ने के बाद आरोपियों ने लाठी-डंडों और लोहे की रॉड से हमला कर दिया।

अचानक हुए हमले से मौके पर अफरा-तफरी मच गई। मारपीट में संदीप कुमार, उनकी पत्नी विजय लक्ष्मी और बेटी स्वीटी घायल हो गए। परिजनों ने मामले की सूचना पुलिस के 112 नंबर पर दी। इसके बाद घायलों को एंबुलेंस से जिला अस्पताल ले जाया गया, जहां उनका इलाज जारी है।
पीड़ित पक्ष का आरोप है कि मारपीट के दौरान आरोपियों ने जान से मारने की धमकी भी दी। घटना के बाद पीड़ित पुनीत त्रिपाठी ने भदोखर थाने पहुंचकर आरोपियों के खिलाफ तहरीर दी है। पीड़ित ने पुलिस से मुकदमा दर्ज कर आरोपियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई किए जाने की मांग की है।
फिलहाल पुलिस मामले की जांच में जुटी है। तहरीर में लगाए गए आरोपों और घटना के कारणों की जांच के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी।










