रायबरेली : चार महीने बाद कब्र से निकाला गया शव, हत्या की आशंका में दोबारा पोस्टमार्टम के आदेश

पत्नी की शिकायत पर कोर्ट सख्त, प्रशासन की मौजूदगी में कब्र खोदकर निकाला गया शव

रायबरेली जिले के गुरबख्शगंज थाना क्षेत्र के चंदई रघुनाथपुर गांव से एक सनसनीखेज मामला सामने आया है, जहां चार महीने पहले दफनाए गए एक व्यक्ति के शव को कब्र से बाहर निकालकर दोबारा पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया। यह कार्रवाई अदालत के आदेश पर की गई है, जिससे पूरे इलाके में हड़कंप मच गया है।

प्राप्त जानकारी के अनुसार, गांव निवासी जगरूप यादव की 5 दिसंबर को संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई थी। उस समय परिजनों ने इसे सामान्य मौत बताते हुए शव का अंतिम संस्कार कर दिया था। हालांकि मृतक की पत्नी ने शुरू से ही इस मौत को संदिग्ध बताते हुए हत्या की आशंका जताई थी और लगातार न्याय की मांग कर रही थी।

पत्नी की शिकायत पर मामला अदालत तक पहुंचा, जहां पूरे प्रकरण की गंभीरता को देखते हुए कोर्ट ने शव को कब्र से निकलवाकर दोबारा पोस्टमार्टम कराने के निर्देश दिए। अदालत के आदेश के बाद सोमवार को प्रशासनिक अमला मौके पर पहुंचा और कड़ी सुरक्षा व्यवस्था के बीच कब्र की खुदाई कर शव को बाहर निकाला गया।

इस दौरान तहसील प्रशासन, पुलिस बल और चिकित्सा विभाग की टीम मौके पर मौजूद रही। पूरी प्रक्रिया को वीडियोग्राफी के साथ पारदर्शिता और सुरक्षा के बीच संपन्न कराया गया, ताकि किसी प्रकार की विवाद की स्थिति न उत्पन्न हो।

प्रशासनिक अधिकारियों के मुताबिक, शव को अब तीन सदस्यीय डॉक्टरों की टीम की निगरानी में पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के वास्तविक कारणों का खुलासा हो सकेगा।

इस घटना के बाद गांव में तरह-तरह की चर्चाएं शुरू हो गई हैं। जहां एक ओर मृतक के परिजन न्याय की उम्मीद लगाए बैठे हैं, वहीं प्रशासन का कहना है कि रिपोर्ट के आधार पर आगे की विधिक कार्रवाई की जाएगी।

फिलहाल, पूरे इलाके में इस मामले को लेकर तनाव और उत्सुकता का माहौल बना हुआ है। सभी की निगाहें अब पोस्टमार्टम रिपोर्ट पर टिकी हैं, जिससे इस रहस्यमयी मौत की सच्चाई सामने आ सके।

Other Latest News

Leave a Comment