भूमि विवाद से गरमाई सियासत, महिला की फरियाद पर अखिलेश यादव का भाजपा सरकार पर तीखा हमला

महराजगंज: रायबरेली के महराजगंज तहसील क्षेत्र स्थित डीहा नरई गांव में भूमि विवाद का मामला अब राजनीतिक रंग पकड़ता नजर आ रहा है। पीड़ित महिला गंगा देई पत्नी राम कृष्ण मौर्य द्वारा प्रशासन से न्याय की गुहार लगाए जाने के बाद उत्तर प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री एवं समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष Akhilesh Yadav ने भाजपा सरकार पर तीखा हमला बोला है। अखिलेश यादव ने सोशल मीडिया पर पोस्ट साझा कर महिलाओं की सुरक्षा और सम्मान को लेकर सरकार को कटघरे में खड़ा किया।

पीड़िता गंगा देई का आरोप है कि गांव की गाटा संख्या 2380 व 2381 की भूमि, जो उनकी देवरानी सीमा देवी के नाम दर्ज है, उस पर परिवार मकान निर्माण करा रहा था। इसी दौरान नेवाजगंज निवासी हेमू सिंह, प्रशांत सिंह समेत अन्य लोग मौके पर पहुंचकर निर्माण कार्य रुकवाने लगे। महिला का आरोप है कि दबंग लगातार जान से मारने की धमकी दे रहे हैं और परिवार को मानसिक रूप से प्रताड़ित कर रहे हैं। पीड़िता ने प्रशासन से तत्काल भूमि की पैमाइश कराकर निष्पक्ष जांच और सख्त कार्रवाई की मांग की है।

मामले ने उस समय और तूल पकड़ लिया जब रविवार 17 मई 2026 को अखिलेश यादव ने अपने आधिकारिक सोशल मीडिया अकाउंट पर पोस्ट करते हुए लिखा, “वर्चस्ववादियों के सूचनार्थ : पीड़िए अब सहेगा नहीं, कहेगा! महिलाओं के आँसू निकालने वाले भाजपाई लोग महिला को आरक्षण देने का झूठ बोल रहे हैं।” इस बयान के बाद प्रदेश की राजनीति में हलचल तेज हो गई।

अखिलेश यादव ने भाजपा सरकार पर महिलाओं के उत्पीड़न को लेकर निशाना साधते हुए कहा कि सरकार महिला सुरक्षा के बड़े-बड़े दावे करती है, लेकिन जमीनी स्तर पर महिलाएं भय और अन्याय का सामना कर रही हैं। वायरल पोस्ट में पीड़ित परिवार का वीडियो और तस्वीर भी साझा की गई, जिसके बाद सोशल मीडिया पर पक्ष-विपक्ष में तीखी प्रतिक्रियाएं देखने को मिल रही हैं।

फिलहाल यह मामला प्रशासनिक कार्रवाई से ज्यादा राजनीतिक बहस का विषय बन चुका है। अब देखना होगा कि प्रशासन पीड़ित परिवार को न्याय दिलाने के लिए क्या कदम उठाता है।

Other Latest News

Leave a Comment