रायबरेली: मिल एरिया थाने की पुलिस द्वारा अवैध शस्त्र, कारतूस और गांजा के साथ दो अभियुक्ततों को किया गिरफ्तार, न्यायिक अभिरक्षा में भेजा

रायबरेली: पुलिस अधीक्षक रवि कुमार के निर्देशन में जनपद में अपराध एवं अपराधियों के विरुद्ध चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत मिल एरिया थाना पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। पुलिस टीम ने अलग-अलग स्थानों से दो अभियुक्तों को गिरफ्तार कर उनके कब्जे से अवैध शस्त्र, कारतूस तथा मादक पदार्थ बरामद किया है।

जानकारी के अनुसार शनिवार, 30 मई 2026 को समय करीब 2 बजे मिल एरिया थाना पुलिस ने थाना क्षेत्र में अभियान चलाते हुए सोनू पटेल पुत्र कोदऊ राम निवासी बंदरामऊ, थाना मिल एरिया, जनपद रायबरेली को गिरफ्तार किया। तलाशी के दौरान उसके कब्जे से एक अवैध तमंचा 315 बोर एवं एक खोखा कारतूस 315 बोर बरामद किया गया।

वहीं पुलिस ने एक अन्य कार्रवाई में बृजेश कुमार निवासी ग्राम उमरा, थाना मिल एरिया, जनपद रायबरेली को गिरफ्तार किया। उसके कब्जे से लगभग 1100 ग्राम अवैध गांजा बरामद हुआ। पुलिस ने बरामदगी के आधार पर संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज किया है।

मिल एरिया थाना प्रभारी संजय कुमार ने बताया कि दोनों अभियुक्तों के विरुद्ध क्रमशः आर्म्स एक्ट एवं एनडीपीएस एक्ट के तहत अभियोग पंजीकृत कर आवश्यक विधिक कार्रवाई की गई है। गिरफ्तार अभियुक्तों को थाना कार्यालय लाकर पूछताछ के बाद न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उन्हें न्यायिक अभिरक्षा में भेज दिया गया।

पुलिस अधिकारियों ने बताया कि जनपद में अवैध शस्त्रों एवं मादक पदार्थों के कारोबार के खिलाफ अभियान लगातार जारी रहेगा तथा कानून व्यवस्था को प्रभावित करने वाले तत्वों के विरुद्ध कठोर कार्रवाई की जाएगी।

Other Latest News

Leave a Comment