Raebareli : रिश्तों का कत्ल! छेड़खानी का विरोध करने पर किशोरी पर चाकुओं से हमला, आरोपी गिरफ्तार

Raebareli : जनपद के ऊंचाहार थाना क्षेत्र के कमलापुर गांव में गुरुवार दोपहर उस वक्त सनसनी फैल गई, जब एक किशोरी पर उसके ही सगे संबंधी ने चाकुओं से हमला कर दिया। घटना तब हुई जब किशोरी ने आरोपी की गंदी हरकतों और छेड़खानी का कड़ा विरोध किया। पुलिस ने तत्परता दिखाते हुए आरोपी को हथियार समेत गिरफ्तार कर लिया है।

अकेले पाकर की छेड़खानी, विरोध पर बरसाए चाकू

जानकारी के मुताबिक, 14 वर्षीय किशोरी पलक निर्मल दोपहर का खाना खाकर घर में अकेली बैठी थी। इसी दौरान परिवार का ही सदस्य सुशील कुमार वहां पहुँचा और किशोरी के साथ अश्लील हरकतें व छेड़खानी करने लगा। जब किशोरी ने अपनी अस्मत बचाने के लिए शोर मचाया और विरोध किया, तो आरोपी ने अपना आपा खो दिया और किशोरी पर चाकुओं से ताबड़तोड़ हमला कर दिया।

चीख-पुकार सुनकर दौड़े ग्रामीण

​किशोरी की चीखें सुनकर आसपास के पड़ोसी मौके पर पहुंचे। भीड़ को आता देख आरोपी वहां से भाग निकला। आनन-फानन में परिजनों ने घायल किशोरी को सीएचसी (CHC) रोहनिया में भर्ती कराया, जहाँ उसकी गंभीर हालत को देखते हुए डॉक्टरों ने उसे जिला अस्पताल रेफर कर दिया।

पुलिस की त्वरित कार्रवाई: आरोपी सलाखों के पीछे

घटना की सूचना मिलते ही पुलिस सक्रिय हुई। सीओ डलमऊ गिरिजा शंकर त्रिपाठी ने बताया: ​”ऊंचाहार के कमलापुर गांव में एक पारिवारिक विवाद और छेड़खानी के विरोध के बाद आरोपी सुशील कुमार ने अपनी भतीजी पर चाकू से हमला किया। किशोरी के हाथ और पैर में चोटें आई हैं, फिलहाल वह खतरे से बाहर है। पीड़िता की मां की तहरीर पर मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। पुलिस ने आरोपी सुशील कुमार को वारदात में इस्तेमाल चाकू के साथ गिरफ्तार कर लिया है और उसे जेल भेजा जा रहा है।”

Other Latest News

Leave a Comment