रायबरेली में राहुल गांधी और अखिलेश यादव की होर्डिंग से बढ़ी सियासी हलचल

उत्तर प्रदेश के रायबरेली जनपद में एक बार फिर राजनीतिक गतिविधियां तेज होती नजर आ रही हैं। जिले के बछरावां बाईपास और लालगंज रोड किनारे कांग्रेस नेता एवं लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी (Rahul Gandhi) और समाजवादी पार्टी प्रमुख अखिलेश यादव (Akhilesh Yadav) की बड़ी-बड़ी होर्डिंग लगाए जाने से राजनीतिक माहौल गर्म हो गया है।

स्थानीय लोगों के मुताबिक, बछरावां बाईपास से लेकर लालगंज रोड तक कई स्थानों पर दोनों नेताओं की संयुक्त तस्वीरों वाली होर्डिंग दिखाई दे रही हैं। इन होर्डिंग्स को आगामी 2027 विधानसभा चुनाव की तैयारियों और कांग्रेस-सपा गठबंधन की सक्रियता से जोड़कर देखा जा रहा है।

दरअसल, मंगलवार को राहुल गांधी के रायबरेली दौरे को लेकर पहले से ही जिले में कांग्रेस कार्यकर्ताओं में उत्साह देखा जा रहा है। राहुल गांधी बछरावां, हरचंदपुर और सरेनी क्षेत्र में कार्यक्रमों में शामिल होने वाले हैं। लालगंज में महिला संवाद कार्यक्रम और बछरावां में उद्घाटन कार्यक्रम को लेकर कांग्रेस संगठन ने व्यापक तैयारियां की हैं।

राजनीतिक जानकारों का मानना है कि रायबरेली कांग्रेस का पारंपरिक गढ़ रहा है, लेकिन पिछले कुछ चुनावों में यहां समाजवादी पार्टी और भारतीय जनता पार्टी के बीच सीधी टक्कर देखने को मिली है। ऐसे में राहुल गांधी और अखिलेश यादव की संयुक्त होर्डिंग को विपक्षी एकजुटता के संकेत के रूप में भी देखा जा रहा है।

बछरावां बाईपास और लालगंज रोड पर लगी इन होर्डिंग्स को देखने के लिए राहगीरों और स्थानीय लोगों की भीड़ भी जुट रही है। कई लोगों ने इसका वीडियो बनाकर सोशल मीडिया पर साझा किया है, जिसके बाद यह चर्चा का विषय बना हुआ है।

फिलहाल प्रशासन की ओर से इस मामले में कोई आधिकारिक बयान सामने नहीं आया है, लेकिन जिले में राजनीतिक चर्चाओं का दौर तेज हो गया है।

Other Latest News

Leave a Comment