रायबरेली: जिले में तेज रफ्तार का कहर लगातार जानलेवा साबित हो रहा है। गुरुवार को गुरुबख्शगंज थाना क्षेत्र में हुए एक भीषण सड़क हादसे में बाइक सवार युवक की मौके पर ही दर्दनाक मौत हो गई। हादसे के बाद परिवार में कोहराम मच गया, जबकि इलाके में शोक की लहर दौड़ गई।
मिली जानकारी के अनुसार मृतक की पहचान कैलाश पुत्र राम उम्र लगभग 30 वर्ष निवासी अतरी दुकानह थाना खीरों के रूप में हुई है। बताया जा रहा है कि कैलाश किसी जरूरी काम से बाइक द्वारा लालगंज की तरफ जा रहा था। इसी दौरान रास्ते में उसने एक कार को ओवरटेक करने का प्रयास किया। तभी सामने से आ रही तेज रफ्तार पिकअप वाहन से उसकी बाइक की जोरदार भिड़ंत हो गई।

टक्कर इतनी भीषण थी कि बाइक सवार कैलाश उछलकर कार से जा टकराया और सड़क पर गंभीर रूप से घायल होकर गिर पड़ा। हादसा इतना भयावह था कि कैलाश ने मौके पर ही दम तोड़ दिया। दुर्घटना के बाद घटनास्थल पर अफरा-तफरी मच गई और स्थानीय लोगों की भारी भीड़ जमा हो गई।
घटना की सूचना मिलते ही गुरुबख्शगंज थाना पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। पुलिस ने दुर्घटनाग्रस्त वाहनों को हटवाकर यातायात सुचारु कराया। वहीं हादसे की खबर मिलते ही मृतक के परिजनों में चीख-पुकार मच गई। गांव में मातम का माहौल है और परिवार का रो-रोकर बुरा हाल बना हुआ है।
पुलिस पूरे मामले की जांच में जुट गई है। स्थानीय लोगों का कहना है कि सड़क पर तेज रफ्तार वाहनों के चलते आए दिन हादसे हो रहे हैं, लेकिन जिम्मेदार विभाग कोई ठोस कदम नहीं उठा रहा है। लोगों ने प्रशासन से सड़क सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम और वाहनों की रफ्तार पर नियंत्रण लगाने की मांग की है।










