Raebareli: खुद को भाजपा का नेता बताने और पासी समाज के 40 लाख वोटों पर प्रभाव होने का दावा करने वाले संजय पासी की हेकड़ी उस समय उतर गई, जब शहर कोतवाली पुलिस ने उन्हें चोरी की बिजली की केबल के मामले में गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से चोरी की गई करीब पांच मीटर मोटी बिजली की केबल भी बरामद की है। आरोपी के खिलाफ पहले से भी कई आपराधिक मुकदमे दर्ज हैं।
पुलिस के अनुसार, 25/26 अप्रैल 2026 की रात रेलवे लाइन के पास चंपा देवी मंदिर अंडरपास के निकट विद्युत विभाग द्वारा रखी गई 33 केवी लाइन की तीन ड्रम बिजली केबल चोरी कर ली गई थी। मामले में विद्युत विभाग की ओर से शहर कोतवाली में मुकदमा दर्ज कराया गया था। जांच के दौरान पुलिस को जानकारी मिली कि चोरी की गई केबल ट्रकों के जरिए ले जाई गई थी।

पुलिस अधीक्षक रवि कुमार के निर्देशन में चलाए जा रहे अभियान के तहत शहर कोतवाली पुलिस ने मुखबिर की सूचना पर त्रिपुला चौराहे के पास से आरोपी संजय पासी पुत्र स्वर्गीय जगजीवन राम, निवासी ग्राम हिलगी, थाना हरचंदपुर, जनपद रायबरेली को गिरफ्तार कर लिया। पूछताछ और साक्ष्यों के आधार पर पुलिस ने आरोपी के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता की धारा 317(2) बीएनएस तथा विद्युत अधिनियम की धारा 136 की बढ़ोतरी करते हुए न्यायालय भेज दिया।
पुलिस के मुताबिक गिरफ्तार आरोपी के पास से चोरी की गई करीब पांच मीटर मोटी बिजली की केबल बरामद हुई है। वहीं इस मामले में शामिल अन्य आरोपियों की तलाश जारी है।
पुलिस रिकॉर्ड के अनुसार संजय पासी के खिलाफ हरचंदपुर और शहर कोतवाली थानों में चोरी, मारपीट, आपराधिक षड्यंत्र सहित विभिन्न धाराओं में पहले से भी कई मुकदमे दर्ज हैं।
इस गिरफ्तारी के बाद जिले में चर्चा का विषय यह है कि जो व्यक्ति खुद को भाजपा का प्रभावशाली नेता बताता था और पासी समाज के लाखों वोटों पर पकड़ होने का दावा करता था, वही अब चोरी की बिजली केबल के मामले में पुलिस की गिरफ्त में पहुंच गया। हालांकि, किसी राजनीतिक दल से उसके आधिकारिक संबंध की पुष्टि पुलिस ने नहीं की है।










