Raebareli: लौह पुरुष सरदार वल्लभ भाई पटेल की जयंती के अवसर पर विकास भवन के सभागार में मुख्य विकास अधिकारी अंजुलता की अध्यक्षता में विचार गोष्ठी का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का शुभारंभ सरदार वल्लभ भाई पटेल के चित्र पर माल्यार्पण कर उन्हें श्रद्धासुमन अर्पित करने के साथ हुआ। इस अवसर पर उनके व्यक्तित्व, कृतित्व तथा राष्ट्र निर्माण में उनके अतुलनीय योगदान को स्मरण किया गया।
विचार गोष्ठी को संबोधित करते हुए मुख्य विकास अधिकारी अंजुलता ने कहा कि लौह पुरुष सरदार वल्लभ भाई पटेल का जीवन देश की एकता, अखंडता, दृढ़ इच्छाशक्ति और राष्ट्रसेवा का अनुपम उदाहरण है। उन्होंने स्वतंत्रता के पश्चात देश की विभिन्न रियासतों का एकीकरण कर अखंड भारत के निर्माण में ऐतिहासिक भूमिका निभाई। उनके दूरदर्शी नेतृत्व, दृढ़ संकल्प और राष्ट्रहित के प्रति समर्पण के कारण ही भारत को एकजुट करने के प्रयासों को नई दिशा मिली।

मुख्य विकास अधिकारी ने कहा कि सरदार वल्लभ भाई पटेल के विचार और आदर्श आज भी प्रासंगिक हैं। हम सभी को उनके जीवन से प्रेरणा लेते हुए राष्ट्रीय एकता, सामाजिक सद्भाव और आपसी भाईचारे को मजबूत बनाने के लिए निरंतर प्रयास करना चाहिए। उन्होंने अधिकारियों एवं कर्मचारियों से अपने दायित्वों का निर्वहन पूरी निष्ठा, ईमानदारी और जिम्मेदारी के साथ करते हुए देश एवं समाज के विकास में योगदान देने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि राष्ट्र की एकता और अखंडता बनाए रखना हम सभी की सामूहिक जिम्मेदारी है।
कार्यक्रम के माध्यम से सरदार पटेल के आदर्शों को आत्मसात करने तथा राष्ट्र के प्रति समर्पण की भावना को मजबूत बनाने का संदेश दिया गया। कार्यक्रम के समापन पर मुख्य विकास अधिकारी द्वारा उपस्थित अधिकारियों एवं कर्मचारियों को राष्ट्रीय एकता की शपथ दिलाई गई। सभी ने देश की एकता, अखंडता और सुरक्षा को बनाए रखने तथा राष्ट्र की एकता को सुदृढ़ करने के लिए स्वयं को समर्पित रखने का संकल्प लिया।
कार्यक्रम का संचालन एस०एस० पाण्डेय द्वारा किया गया। इस अवसर पर सहायक श्रमायुक्त उमेश यादव, जिला प्रोबेशन अधिकारी शक्ति त्रिपाठी सहित संबंधित अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।










