Raebareli: रायबरेली में लौह पुरुष एवं देश के प्रथम उप प्रधानमंत्री सरदार वल्लभभाई पटेल की 151वीं जयंती तथा राष्ट्रीय एकता दिवस के अवसर पर शनिवार को रायबरेली पुलिस की ओर से ‘रन फॉर यूनिटी’ कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का शुभारंभ पुलिस अधीक्षक रवि कुमार ने रिजर्व पुलिस लाइन रायबरेली से हरी झंडी दिखाकर किया। इस दौरान पुलिस अधिकारियों, कर्मचारियों और प्रशिक्षण प्राप्त कर रहे पुलिसकर्मियों ने उत्साहपूर्वक दौड़ में प्रतिभाग कर राष्ट्रीय एकता, अखंडता, सामाजिक समरसता और आपसी भाईचारे का संदेश दिया।
रन फॉर यूनिटी दौड़ रिजर्व पुलिस लाइन से प्रारंभ होकर डिग्री कॉलेज चौराहा, इंदिरा नगर चौकी एवं जेल रोड होते हुए पुनः रिजर्व पुलिस लाइन पहुंचकर संपन्न हुई। दौड़ में पुलिस अधिकारियों एवं कर्मचारियों के साथ पुलिस लाइन में प्रशिक्षण प्राप्त कर रहे रेडियो विभाग के हेड ऑपरेटर (प्रधान कैडेट) और उनके प्रशिक्षकों ने भी बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया। प्रतिभागियों ने दौड़ के माध्यम से समाज में एकता, अखंडता, आपसी सौहार्द और सामुदायिक सहभागिता को मजबूत बनाने का संदेश दिया।

कार्यक्रम के समापन पर दौड़ में प्रथम से दसवें स्थान तक स्थान प्राप्त करने वाले प्रतिभागियों को पुलिस अधीक्षक रवि कुमार ने प्रशस्ति पत्र प्रदान कर सम्मानित किया। उन्होंने प्रतिभागियों का उत्साहवर्धन करते हुए राष्ट्रीय एकता और सामाजिक सद्भाव बनाए रखने का आह्वान किया।
इस अवसर पर जिला वन अधिकारी प्रखर मिश्रा, क्षेत्राधिकारी नगर आशीष निगम, क्षेत्राधिकारी लाइन सुजीत कुमार राय, क्षेत्राधिकारी यातायात विजय शंकर यादव सहित अन्य पुलिस अधिकारी एवं कर्मचारी मौजूद रहे।
इसके उपरांत पुलिस अधीक्षक रवि कुमार ने रिजर्व पुलिस लाइन में उपस्थित पुलिस अधिकारियों एवं कर्मचारियों को राष्ट्र की एकता, अखंडता और संप्रभुता बनाए रखने तथा देशवासियों के बीच आपसी सौहार्द एवं भाईचारे की भावना को मजबूत करने की शपथ दिलाई।
इसी क्रम में जनपद के सभी क्षेत्राधिकारियों, प्रभारी निरीक्षकों एवं थानाध्यक्षों ने भी अपने-अपने क्षेत्रों और थानों में पुलिसकर्मियों के साथ शपथ ग्रहण कार्यक्रम आयोजित किए। इस दौरान पुलिसकर्मियों ने राष्ट्रीय एकता एवं अखंडता बनाए रखने, देश की आंतरिक सुरक्षा सुनिश्चित करने और सामाजिक सद्भाव को मजबूत करने का संकल्प लिया।
कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य सरदार वल्लभभाई पटेल के राष्ट्र निर्माण में दिए गए अतुलनीय योगदान को याद करना तथा उनके आदर्शों और विचारों को जन-जन तक पहुंचाना रहा। पुलिस विभाग ने इस आयोजन के माध्यम से आमजन को एकता, अखंडता, अनुशासन और राष्ट्र के प्रति समर्पण का संदेश दिया।










