Ranchi: राँची में राजस्वकर्मी लक्ष्मीकांत मुंडा हत्याकांड का खुलासा, जमीन विवाद में रची गई थी हत्या की साजिश

नामांतरण आवेदन खारिज होने से नाराज थे आरोपी, पुलिस ने तीन को किया गिरफ्तार; तीन अन्य समेत कई लोगों की तलाश जारी

Ranchi: नामकुम थाना क्षेत्र में अरगोड़ा अंचल के राजस्वकर्मी लक्ष्मीकांत मुंडा हत्याकांड का पुलिस ने खुलासा कर दिया है। पुलिस जांच में सामने आया है कि जमीन के दाखिल-खारिज और नामांतरण आवेदन खारिज होने से नाराज आरोपियों ने उनकी हत्या की साजिश रची थी। इस मामले में पुलिस ने तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है, जबकि तीन अन्य आरोपियों समेत कांड में शामिल दूसरे लोगों की गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी की जा रही है।

तीन आरोपी पुलिस की गिरफ्त में

गिरफ्तार आरोपियों की पहचान प्रदीप गोसाई, अमित टोप्पो उर्फ अमित गोसाई और सिंटू कुमार गोसाई के रूप में हुई है। तीनों राँची के डोरंडा और लालपुर थाना क्षेत्र के रहने वाले हैं। हेडक्वार्टर डीएसपी (1) अमर पांडेय ने बताया कि मामले की जांच में जमीन के नामांतरण को लेकर चल रहे विवाद की बात सामने आई है।

96 डिसमिल जमीन के नामांतरण को लेकर था विवाद

पुलिस के अनुसार, अरगोड़ा अंचल के बड़ा घाघरा मौजा स्थित खाता संख्या 29 की 96 डिसमिल जमीन को लेकर विवाद चल रहा था। गोसाई परिवार की ओर से जमीन की अलग-अलग रजिस्ट्री के आधार पर दाखिल-खारिज के लिए अरगोड़ा अंचल में आवेदन दिए गए थे। इन आवेदनों की स्थल जांच और दस्तावेजों के सत्यापन की जिम्मेदारी राजस्वकर्मी लक्ष्मीकांत मुंडा को सौंपी गई थी।

जांच रिपोर्ट बनी हत्या की वजह

जांच के दौरान लक्ष्मीकांत मुंडा को जमीन से जुड़े मूल दस्तावेजों और वंशावली में अंतर मिला था। इसके बाद उन्होंने कई नामांतरण मामलों में प्रतिकूल टिप्पणी करते हुए दाखिल-खारिज के आवेदन खारिज करने की अनुशंसा की थी। उनकी रिपोर्ट के आधार पर अंचलाधिकारी ने संबंधित नामांतरण वादों को अस्वीकृत कर दिया था, जबकि कुछ मामले लंबित थे।

जमीन की बिक्री और कब्जे को लेकर बढ़ा दबाव

पुलिस का कहना है कि नामांतरण नहीं होने के कारण संबंधित जमीन की बिक्री और दाखिल-खारिज में परेशानी आ रही थी। जमीन खरीदने वाले लोग आरोपियों पर नामांतरण कराने और दखल-कब्जा दिलाने के लिए लगातार दबाव बना रहे थे। दूसरी ओर, लक्ष्मीकांत मुंडा की जांच रिपोर्ट उनके लिए बाधा बन रही थी। इसी नाराजगी में आरोपियों ने कथित तौर पर हत्या की साजिश रची और वारदात को अंजाम दिया।

23 अक्टूबर की रात आवास पर हुई थी हत्या

लक्ष्मीकांत मुंडा की हत्या 23 अक्टूबर की रात करीब 10:30 से 11 बजे के बीच नामकुम थाना क्षेत्र के जोरार स्थित उनके आवास पर की गई थी। घटना की जानकारी मिलने के बाद नामकुम थाना में कांड संख्या 301/26 के तहत प्राथमिकी दर्ज कर पुलिस ने जांच शुरू की थी।

एसआईटी ने तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर की गिरफ्तारी

मामले की गंभीरता को देखते हुए एसएसपी राँची के निर्देश पर ग्रामीण एसपी के नेतृत्व में विशेष जांच टीम (एसआईटी) का गठन किया गया था। टीम ने तकनीकी साक्ष्यों और मानवीय सूचना के आधार पर कार्रवाई करते हुए तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया।

अन्य आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए छापेमारी

पुलिस के अनुसार, इस हत्याकांड में भोला गोसाई, अमित सिंह और शैलेश समेत अन्य लोगों की संलिप्तता की भी जांच की जा रही है। इनकी गिरफ्तारी के लिए अलग-अलग ठिकानों पर छापेमारी जारी है। पुलिस का कहना है कि मामले में शामिल अन्य लोगों की भूमिका की भी पड़ताल की जा रही है।

Other Latest News

Leave a Comment