Raebareli: एफडीडीआई में चार दिवसीय अंतर परिसर सांस्कृतिक समागम का भव्य समापन, फुर्सतगंज परिसर ने कई प्रतियोगिताओं में मारी बाजी

अगले वर्ष पटना परिसर में आयोजित होगा समागम 3.0, विजेता प्रतिभागियों को पुरस्कार एवं प्रमाणपत्र देकर किया गया सम्मानित

Raebareli: भारत सरकार के संस्थान फुटवियर डिजाइन एंड डेवलपमेंट इंस्टीट्यूट (एफडीडीआई), फुर्सतगंज परिसर में आयोजित चार दिवसीय अंतर परिसर सांस्कृतिक कार्यक्रम का चौथे एवं अंतिम दिन हर्षोल्लास और उत्साह के साथ भव्य समापन हुआ। समापन समारोह में एफडीडीआई के अध्यक्ष एवं प्रख्यात उद्योगपति आरके जालान, संस्थान के महानिदेशक विवेक शर्मा, नोएडा परिसर की कार्यकारी निदेशक मंजू मन, पटना परिसर के कार्यकारी निदेशक नीरज कुमार, कोलकाता परिसर के कार्यकारी निदेशक देवव्रत सेठ तथा अमेठी के पुलिस अधीक्षक टी. सर्वानंद अतिथि के रूप में शामिल हुए।

कार्यक्रम को संबोधित करते हुए अध्यक्ष आरके जालान ने विद्यार्थियों की रचनात्मकता, कलात्मक प्रतिभा और शानदार प्रस्तुतियों की सराहना की। उन्होंने छात्रों को शिक्षा के साथ सांस्कृतिक गतिविधियों में भी बढ़-चढ़कर हिस्सा लेने के लिए प्रेरित किया। साथ ही उन्होंने कहा कि एफडीडीआई विद्यार्थियों को उद्यमिता से जोड़ने और भारत सरकार की नीतियों के अनुरूप उद्योग स्थापित करने में सहयोग देने के लिए तत्पर है।

महानिदेशक विवेक शर्मा ने कहा कि अंतर परिसर सांस्कृतिक समागम की शुरुआत दो वर्ष पूर्व की गई थी। इसका उद्देश्य विभिन्न परिसरों के विद्यार्थियों और शिक्षकों को एक मंच पर लाकर आपसी संवाद, कला और संस्कृति को प्रोत्साहित करना है। उन्होंने घोषणा की कि समागम 3.0 का आयोजन अगले वर्ष पटना परिसर में किया जाएगा।

इस अवसर पर फैशन विभाग की शिक्षिका सृष्टि मौर्य के निर्देशन में छात्रा सृष्टि ने जलकुंभी से तैयार किया गया आकर्षक बैग प्रस्तुत किया। पर्यावरण संरक्षण और रचनात्मकता के अनूठे संगम से तैयार इस बैग की अतिथियों ने सराहना की।

प्रतियोगिताओं में रोहतक परिसर ने नाटिका में प्रथम और फुर्सतगंज ने द्वितीय स्थान प्राप्त किया। वाद्य यंत्र प्रतियोगिता में चेन्नई के रिचर्ड प्रथम, जोधपुर द्वितीय और नोएडा तृतीय रहे। एकल गायन में हैदराबाद प्रथम, नोएडा द्वितीय और फुर्सतगंज तृतीय रहा। युगल गायन में फुर्सतगंज प्रथम, नोएडा द्वितीय और पटना तृतीय स्थान पर रहा। युगल नृत्य में फुर्सतगंज ने पहला, छिंदवाड़ा ने दूसरा और गुना ने तीसरा स्थान हासिल किया। एकल नृत्य में जोधपुर प्रथम, रोहतक द्वितीय और फुर्सतगंज तृतीय रहा। डांस बैटल में नोएडा प्रथम, फुर्सतगंज द्वितीय और हैदराबाद तृतीय रहा। समूह नृत्य में फुर्सतगंज प्रथम, चेन्नई द्वितीय और चंडीगढ़ तृतीय स्थान पर रहा।

कार्यक्रम में भातखंडे संगीत विश्वविद्यालय के शिक्षकों गरिमा मिश्रा, तुषार और रामराज ने निर्णायक मंडल की भूमिका निभाई। विश्वविद्यालय से आए विद्यार्थियों ने गायन एवं कथक नृत्य की मनमोहक प्रस्तुतियां देकर समां बांध दिया।

समापन अवसर पर विभिन्न प्रतियोगिताओं के विजेताओं को पुरस्कार एवं प्रमाणपत्र प्रदान कर सम्मानित किया गया। संस्थान के कार्यकारी निदेशक ने अतिथियों और मीडिया प्रतिनिधियों के प्रति आभार जताया। साथ ही कार्यक्रम को सफल बनाने में योगदान देने वाले शिक्षकों, कर्मचारियों एवं विद्यार्थियों को सम्मानित किया। चार दिवसीय आयोजन उत्साहपूर्ण माहौल में संपन्न हुआ। प्रतिभागियों ने अगले वर्ष पटना में होने वाले सांस्कृतिक समागम में भी पूरे उत्साह के साथ भाग लेने का संकल्प लिया।

Other Latest News

Leave a Comment