ONGC ने SC-ST उद्यमियों को दिया कारोबार बढ़ाने का मंच, वेंडर डेवलपमेंट प्रोग्राम में खरीद प्रक्रिया की दी जानकारी

बोकारो: महारत्न कंपनी ONGC के बोकारो सीबीएम एसेट और SC-ST उद्यमी विकास संघ के संयुक्त तत्वावधान में शुक्रवार को वेंडर डेवलपमेंट प्रोग्राम (VDP) का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में अनुसूचित जाति एवं अनुसूचित जनजाति वर्ग के उद्यमियों को ONGC की खरीद प्रक्रिया, टेंडर, पंजीकरण और कार्य आवंटन से जुड़ी जानकारी दी गई। इसका उद्देश्य SC-ST उद्यमियों को बड़े संस्थानों से जोड़कर उनके कारोबार को बढ़ावा देना और आर्थिक रूप से सशक्त बनाना है।

कार्यक्रम की अध्यक्षता ONGC बोकारो CBM एसेट के प्रमुख राजीव कुमार सिन्हा ने की। वहीं, SC-ST उद्यमी विकास संघ के संस्थापक एवं अध्यक्ष तथा JIADA बोर्ड सदस्य संजय कुमार भारती ने उद्यमियों का प्रतिनिधित्व किया।

उद्यमियों को हरसंभव सहयोग का भरोसा

अपने संबोधन में राजीव कुमार सिन्हा ने कहा कि ONGC राष्ट्रहित के साथ समाज के समग्र विकास के लिए प्रतिबद्ध है। SC-ST वर्ग के उद्यमियों को आगे बढ़ाने और उन्हें व्यावसायिक अवसर उपलब्ध कराने के लिए संस्थान हरसंभव सहयोग करेगा। उन्होंने कहा कि ऐसे कार्यक्रमों से स्थानीय स्तर पर रोजगार और आर्थिक गतिविधियों को बढ़ावा मिलेगा। उन्होंने आगामी दिनों में भी बैठक और प्रशिक्षण कार्यक्रम आयोजित करने के लिए अधिकारियों को आवश्यक निर्देश दिए।

टेंडर और खरीद प्रक्रिया की दी जानकारी

कार्यक्रम के दौरान ONGC के सुपरिटेंडेंट इंजीनियर पीयूष कुमार ने कंपनी की तकनीकी एवं व्यावसायिक आवश्यकताओं, खरीद प्रक्रिया, निविदा में भागीदारी और संभावित कार्य अवसरों की जानकारी दी। वहीं, ऑनलाइन माध्यम से जुड़े MSME मंत्रालय, भारत सरकार एवं DFO रांची के तकनीकी अधिकारी कृष्णा राव ने SC-ST उद्यमियों के लिए केंद्र सरकार की विभिन्न योजनाओं, नीतियों और सुविधाओं की जानकारी साझा की।

बैठक में उद्यमियों का पंजीकरण, निविदाओं में उनकी भागीदारी बढ़ाने, नियमानुसार प्रोत्साहन और कार्य आवंटन सहित विभिन्न विषयों पर चर्चा हुई। ONGC प्रबंधन ने उद्यमियों को आवश्यक मार्गदर्शन और सहयोग देने का भरोसा दिलाया।

संजय भारती बोले- उद्यमियों में जगी नई उम्मीद

SC-ST उद्यमी विकास संघ के अध्यक्ष संजय कुमार भारती ने ONGC प्रबंधन के प्रति आभार जताया। उन्होंने कहा कि इस पहल से SC-ST उद्यमियों में नई उम्मीद और उत्साह का संचार हुआ है। संघ उद्यमियों के कौशल विकास, व्यावसायिक क्षमता बढ़ाने और उन्हें बड़े सार्वजनिक एवं निजी संस्थानों से जोड़ने के लिए लगातार प्रयास करेगा। उन्होंने उम्मीद जताई कि ONGC के सहयोग से उद्यमियों को कारोबार के नए अवसर मिलेंगे।

सेवानिवृत्त GM अरिंदम भट्टाचार्य को किया सम्मानित

कार्यक्रम के दौरान सेवानिवृत्त हो रहे ONGC के महाप्रबंधक अरिंदम भट्टाचार्य को उनकी दीर्घकालीन एवं उत्कृष्ट सेवाओं के लिए सम्मानित किया गया। अधिकारियों और उद्यमियों ने उन्हें शॉल ओढ़ाकर सम्मान दिया तथा उनके सुखद, स्वस्थ और मंगलमय भविष्य की कामना की।

कार्यक्रम में ONGC की ओर से मानस कुमार रे, बिपिन प्रसाद, दयानंद कालुंडिया, आरबी सिंह, जॉयदीप भट्टाचार्य, अमरजीत प्रताप, अजय कुमार दास, निशांत, अनीता सहित अन्य अधिकारी उपस्थित थे। वहीं, संघ की ओर से महासचिव रंगलाल राम, शशि भूषण प्रसाद, कन्हैया प्रसाद, शंकर टुड्डू, देवला टुड्डू, अनिल हेम्ब्रम, सुमित मुर्मू, अजय कुमार, कालेश्वर रविदास सहित बड़ी संख्या में उद्यमियों ने भाग लिया।

कार्यक्रम को SC-ST उद्यमियों को मुख्यधारा से जोड़ने और स्थानीय स्तर पर उद्यमिता को बढ़ावा देने की दिशा में महत्वपूर्ण पहल बताया गया।

Other Latest News

Leave a Comment