रायबरेली के कलेक्ट्रेट परिसर में आज दिनांक 3 मई 2026 दिन रविवार को समय करीब 4:00 बजे आम आदमी पार्टी (AAP) के पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं ने स्मार्ट मीटर के विरोध में जोरदार प्रदर्शन किया। डीएम ऑफिस के सामने एकत्रित होकर पार्टी नेताओं ने स्मार्ट मीटर के खिलाफ प्रतियां जलाते हुए बिजली विभाग और राज्य सरकार के खिलाफ जमकर नारेबाजी की।
दोपहर शुरू हुए इस प्रदर्शन में दर्जनों कार्यकर्ताओं ने हिस्सा लिया। प्रदर्शनकारियों का आरोप है कि प्रदेश में स्मार्ट मीटर के नाम पर उपभोक्ताओं के साथ खुली लूट की जा रही है, जिससे आम जनता और खासकर किसानों को भारी आर्थिक नुकसान उठाना पड़ रहा है।

प्रदर्शन के दौरान आम आदमी पार्टी के नेता राममोहन श्रीवास्तव उर्फ रामू दादा ने कहा कि उत्तर प्रदेश में स्मार्ट मीटर योजना पारदर्शी नहीं है और इसके जरिए जनता से मनमाने तरीके से पैसे वसूले जा रहे हैं। उन्होंने कहा कि यह विरोध प्रदर्शन उपभोक्ताओं और किसानों के हितों की रक्षा के लिए किया जा रहा है।
प्रदर्शनकारियों ने राज्यपाल के नाम संबोधित एक ज्ञापन जिला प्रशासन को सौंपा, जिसमें कई प्रमुख मांगें उठाई गईं। इन मांगों में स्मार्ट मीटर के नाम पर हो रही कथित लूट पर तत्काल रोक लगाने, इस पूरी परियोजना की स्वतंत्र और निष्पक्ष जांच कराने, दोषी अधिकारियों और संबंधित कंपनियों/ठेकेदारों के खिलाफ सख्त कार्रवाई करने तथा उपभोक्ताओं और किसानों को राहत देने के लिए पारदर्शी एवं न्यायसंगत व्यवस्था लागू करने की मांग शामिल है।
प्रदर्शन के दौरान कार्यकर्ताओं ने सरकार विरोधी नारे लगाए और चेतावनी दी कि यदि उनकी मांगों पर जल्द कार्रवाई नहीं हुई, तो आंदोलन को और तेज किया जाएगा।
कुल मिलाकर, स्मार्ट मीटर के मुद्दे को लेकर रायबरेली में राजनीतिक माहौल गर्माता नजर आ रहा है और आने वाले दिनों में इस पर और बड़े आंदोलन की संभावना जताई जा रही है।










