Raebareli: उत्तर प्रदेश विधान परिषद के लखनऊ खंड स्नातक एवं शिक्षक निर्वाचन-2026 को निष्पक्ष, पारदर्शी और शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न कराने के लिए जिला प्रशासन ने तैयारियां तेज कर दी हैं। शनिवार को जिलाधिकारी एवं जिला निर्वाचन अधिकारी सरनीत कौर ब्रोका की अध्यक्षता में कलेक्ट्रेट सभागार में नोडल अधिकारियों के साथ बैठक हुई। इसमें निर्वाचन संबंधी व्यवस्थाओं की समीक्षा कर अधिकारियों को सभी तैयारियां समय से पूरी करने के निर्देश दिए गए।
जिलाधिकारी ने कहा कि निर्वाचन आयोग के दिशा-निर्देशों का शत-प्रतिशत पालन सुनिश्चित किया जाए। सभी अधिकारी अपने दायित्वों का निर्वहन गंभीरता और जिम्मेदारी से करें। निर्वाचन कार्य में किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। उन्होंने मतदान केंद्रों पर आवश्यक व्यवस्थाएं समय से पूरी करने और आपसी समन्वय के साथ काम करने पर जोर दिया।

33,645 मतदाता करेंगे मताधिकार का प्रयोग
जिलाधिकारी ने बताया कि जनपद में लखनऊ खंड स्नातक निर्वाचन के लिए 29,261 मतदाता और शिक्षक निर्वाचन के लिए 4,384 मतदाता पंजीकृत हैं। स्नातक निर्वाचन के लिए 41 तथा शिक्षक निर्वाचन के लिए 20 मतदान केंद्र निर्धारित किए गए हैं। दोनों निर्वाचन क्षेत्रों में मतदान संपन्न कराने के लिए कुल 61 मतदान केंद्र बनाए गए हैं।
22 अक्टूबर को रवाना होंगी पोलिंग पार्टियां
निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार 23 अक्टूबर 2026 को मतदान होगा, जबकि मतगणना 27 अक्टूबर को लखनऊ में कराई जाएगी। मतदान संपन्न कराने के लिए 22 अक्टूबर को राजकीय इंटर कॉलेज, रायबरेली के मैदान से पोलिंग पार्टियों को उनके निर्धारित मतदान स्थलों के लिए रवाना किया जाएगा।
निर्वाचन प्रक्रिया की निगरानी और व्यवस्थाओं को सुचारु बनाए रखने के लिए 20 सेक्टर मजिस्ट्रेट, छह जोनल मजिस्ट्रेट और 18 स्टैटिक मजिस्ट्रेट तैनात किए गए हैं। जिलाधिकारी ने सभी संबंधित अधिकारियों को अपने क्षेत्रों और मतदान केंद्रों का निरीक्षण कर व्यवस्थाओं का सत्यापन करने के निर्देश दिए।
बैठक में मुख्य विकास अधिकारी अंजुलता, एडीएम प्रशासन सिद्धार्थ, एडीएम वित्त एवं राजस्व सहदेव मिश्र, एडीएम न्यायिक विशाल यादव, अपर पुलिस अधीक्षक पवन गौतम, ज्वॉइंट मजिस्ट्रेट आयुष अग्रवाल सहित अन्य संबंधित अधिकारी मौजूद रहे।










