दो दिवसीय दौरे पर रायबरेली पहुंचे कांग्रेस सांसद एवं लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी (Rahul Gandhi) से मुलाकात करने के लिए लखनऊ से कुछ युवा खिलाड़ी और खेल प्रेमी पहुंचे। युवाओं ने राहुल गांधी से खेल और खिलाड़ियों की समस्याओं को लेकर विस्तार से बातचीत की। इस दौरान उन्होंने खिलाड़ियों को बेहतर सुविधाएं, आर्थिक सहायता, प्रशिक्षण और रोजगार के अवसर उपलब्ध कराने की मांग उठाई।
युवाओं ने कहा कि देश में प्रतिभाओं की कोई कमी नहीं है, लेकिन संसाधनों और उचित समर्थन के अभाव में कई खिलाड़ी आगे नहीं बढ़ पाते। उन्होंने मांग की है कि सरकार को खेलों के प्रति गंभीरता दिखाते हुए ग्रामीण और छोटे शहरों के खिलाड़ियों के लिए विशेष योजनाएं लागू करनी चाहिए, ताकि युवा खेल के क्षेत्र में देश का नाम रोशन कर सकें।

राहुल गांधी ने युवाओं की बातों को गंभीरता से सुना और उन्हें भरोसा दिलाया कि खिलाड़ियों की समस्याओं और मांगों को सरकार तक पहुंचाने का प्रयास किया जाएगा। उन्होंने कहा कि देश के युवाओं को खेल के क्षेत्र में आगे बढ़ाने के लिए बेहतर माहौल और सुविधाएं मिलनी बेहद जरूरी हैं।
खिलाड़ियों को नई उम्मीद दे गई मुलाकात
मुलाकात के दौरान युवाओं ने राहुल गांधी को क्रिकेट बैट भी भेंट किया, जिस पर राहुल गांधी ने अपना ऑटोग्राफ दिया। ऑटोग्राफ मिलने के बाद युवाओं में खासा उत्साह देखने को मिला। इस मौके पर राहुल गांधी ने कहा कि उनकी तरफ से भी खिलाड़ियों और युवाओं की हरसंभव मदद की जाएगी।
इस मुलाकात को लेकर युवाओं में काफी उत्साह दिखाई दिया और उन्होंने उम्मीद जताई कि आने वाले समय में खिलाड़ियों के हित में ठोस कदम उठाए जाएंगे।










