Sawan Mahotsav 2026: बोकारो थर्मल स्थित भारतीय स्टेट बैंक (SBI) शाखा में पहली बार सावन महोत्सव का आयोजन उत्साह और उमंग के साथ किया गया। कार्यक्रम में बैंक की महिला ग्राहकों, स्वयं सहायता समूह (एसएचजी) की महिला सदस्यों तथा सीआईएसएफ की महिला कर्मियों ने बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया।
कार्यक्रम के संबंध में मुख्य प्रबंधक अमित कुमार ने बताया कि सेवा समिति की बैठक प्रत्येक तिमाही में आयोजित की जाती है। इसी क्रम में इस बार सावन माह को ध्यान में रखते हुए सावन महोत्सव का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में महिलाओं की भागीदारी को विशेष रूप से केंद्र में रखा गया।

महोत्सव को मनोरंजक और यादगार बनाने के लिए अंताक्षरी, म्यूजिकल चेयर, मेहंदी प्रतियोगिता तथा एक मिनट में सर्वाधिक गोलगप्पे खाने जैसी विभिन्न प्रतियोगिताएं आयोजित की गईं। महिलाओं ने प्रतियोगिताओं में उत्साहपूर्वक भाग लिया। कार्यक्रम के दौरान सभी ने सेल्फी लेकर भी आनंद उठाया।
कार्यक्रम में मनोरंजन के साथ-साथ बैंकिंग सेवाओं और साइबर अपराध से बचाव को लेकर जागरूकता अभियान भी चलाया गया। शाखा प्रबंधक अमित कुमार ने ग्राहकों को साइबर सुरक्षा के प्रति सजग रहने की अपील करते हुए कहा कि वर्तमान समय में प्रत्येक व्यक्ति को साइबर फ्रॉड से बचने के लिए आवश्यक जानकारी होना बेहद जरूरी है। उन्होंने अनजान लिंक पर क्लिक नहीं करने, ओटीपी और बैंक संबंधी गोपनीय जानकारी किसी के साथ साझा नहीं करने सहित कई महत्वपूर्ण सावधानियां बताईं।
इस अवसर पर मुख्य सहयोगी नंद किशोर प्रसाद, उप प्रबंधक कारु मार्डी, राहुल कुमार, वरिष्ठ सहयोगी विजय कुमार दास, कनिष्ठ सहयोगी सलोनी चौहान, सुमन कुमारी सहित बैंक के कर्मचारी बबन राम, राकेश कुमार, आकाश कुमार प्रजापति एवं रवि कुमार मेहता उपस्थित रहे। कार्यक्रम के दौरान बैंक परिसर में सावन की पारंपरिक रंगत देखने को मिली और उपस्थित लोगों ने आयोजन का जमकर आनंद उठाया।










