सतबरवा के मलय डैम तक औरंगा नदी से पहुंचेगा पानी, 200 करोड़ की योजना का विधायक ने किया शिलान्यास

किसानों को सिंचाई और ग्रामीणों को मिलेगा पेयजल, जीवनरेखा बनेगी यह परियोजना

सतबरवा (पलामू) : पलामू जिले के सतबरवा प्रखंड को बड़ी सौगात मिलने जा रही है। अब लातेहार जिले के रांकीकला से बहने वाली औरंगा नदी का पानी पाइपलाइन के माध्यम से सतबरवा के मलय डैम तक लाया जाएगा। इस बहुप्रतीक्षित परियोजना का शिलान्यास मंगलवार को मनिका के विधायक रामचंद्र सिंह ने रॉकी कला औरंगा नदी के तट पर विधिवत पूजा-पाठ कर किया।करीब 200 करोड़ रुपये की लागत से बन रही इस परियोजना से सतबरवा सहित आस-पास के कई गांवों को लाभ होगा। पानी की आपूर्ति मलय डैम और अन्य छोटे जलाशयों तक की जाएगी, जिससे सिंचाई और पेयजल की समस्या काफी हद तक दूर हो सकेगी।

औरंगा नदी पर बनेगा बीयर, बिछेगी 1200 मिमी व्यास की पाइपलाइन

सिंचाई विभाग के कार्यपालक अभियंता अनिल कुमार सिंह ने बताया कि औरंगा नदी पर दो मीटर ऊंचा बीयर बनाया जाएगा। साथ ही एक मीटर गहराई में 1200 मिमी व्यास की पाइपलाइन डाली जाएगी, जो डैम तक पानी पहुंचाएगी। यह योजना औरंगा व कोयल नदी के जलस्रोतों पर आधारित है और इसकी अनुमानित लागत 200 करोड़ रुपये से अधिक है।

विधायक बोले: यह परियोजना बनेगी पलामू की जीवनरेखा

मनिका विधायक रामचंद्र सिंह ने कहा कि इस योजना से क्षेत्र के किसानों को सिंचाई के लिए स्थायी व्यवस्था मिलेगी और ग्रामीणों को शुद्ध पेयजल मिलेगा। उन्होंने कहा कि पलामू प्रमंडल लंबे समय से सुखाड़ की चपेट में है, ऐसे में यह परियोजना यहां के लोगों के लिए जीवनरेखा साबित होगी।

WhatsApp Image 2025 05 27 at 8.50.58 PM 1

पौधारोपण कर दिया पर्यावरण संरक्षण का संदेश

शिलान्यास के मौके पर एक विशेष कार्यक्रम का आयोजन किया गया, जिसका संचालन कांग्रेस छात्र संगठन के नेता सौरभ तिवारी ने किया। मौके पर विधायक और अन्य अतिथियों ने पौधारोपण कर पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया। सैकड़ों ग्रामीणों को फलदार और इमारती पौधे भी वितरित किए गए। कार्यक्रम में रांकीकला पंचायत की मुखिया शीला देवी, विजय तिवारी, मथुरा उरांव, सुरेंद्र गिरी, विधायक प्रतिनिधि प्रमोद यादव, अजय तिवारी, धनंजय तिवारी, रविंद्र राम, रोशन शुक्ला, अमित कुमार, सचिन तिवारी सहित बड़ी संख्या में ग्रामीण उपस्थित रहे।

Other Latest News

Leave a Comment