बिहार के नालंदा जिले में स्थित प्राचीन शीतला माता मंदिर में मंगलवार को आस्था का माहौल अचानक मातम में बदल गया। चैत्र माह के अंतिम मंगलवार के मौके पर यहां हजारों श्रद्धालु पूजा-अर्चना के लिए पहुंचे थे। इसी दौरान अचानक भीड़ बेकाबू हो गई और भगदड़ मच गई, जिसमें कई श्रद्धालुओं की जान चली गई, जबकि दर्जनों श्रद्धालु घायल हो गए।
भीड़ की बढ़ती संख्या बना हादसे की वजह
प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, मंदिर परिसर में सुबह से ही भारी भीड़ उमड़ रही थी। जैसे-जैसे समय बढ़ा, भीड़ की संख्या भी बढ़ता गया। अचानक किसी कारण से अफरा-तफरी मच गई और लोग एक-दूसरे पर गिरने लगे। संकरी जगह और निकास के सीमित रास्तों ने हालात को और गंभीर बना दिया।

घायलों का इलाज जारी, प्रशासन अलर्ट मोड में
घटना की सूचना मिलते ही जिला प्रशासन और पुलिस मौके पर पहुंच गई। राहत एवं बचाव कार्य तेजी से शुरू किया गया और घायलों को पास के अस्पतालों में भर्ती कराया गया। प्रशासन ने एहतियातन मंदिर परिसर को खाली करवा दिया है और फिलहाल वहां प्रवेश पर रोक लगा दी गई है।
व्यवस्था पर उठे सवाल
इस दर्दनाक हादसे के बाद स्थानीय लोगों में प्रशासन के खिलाफ नाराजगी देखी जा रही है। लोगों का आरोप है कि हर साल इस दिन भारी भीड़ जुटती है, इसके बावजूद भीड़ प्रबंधन के पर्याप्त इंतजाम नहीं किए गए। सुरक्षा व्यवस्था और नियंत्रण के अभाव को हादसे की बड़ी वजह माना जा रहा है।
इस घटना पर देश के कई बड़े नेताओं ने दुख व्यक्त किया है। राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू, उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ समेत कई नेताओं ने मृतकों के प्रति संवेदना व्यक्त की है। बिहार के उपमुख्यमंत्री सम्राट चौधरी और विधानसभा अध्यक्ष प्रेम कुमार ने भी पीड़ित परिवारों को हरसंभव सहायता देने का आश्वासन दिया है।
राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू ने व्यक्त की संवेदना
बिहार के नालंदा में एक मंदिर में हुई भगदड़ में अनेक श्रद्धालुओं की मृत्यु का समाचार अत्यंत दुखद है। मैं सभी शोकाकुल परिवारजनों के प्रति गहरी संवेदना व्यक्त करती हूं। घायल हुए सभी लोगों के शीघ्र स्वस्थ होने की मैं कामना करती हूं।
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने व्यक्त की संवेदना
बिहार के नालंदा स्थित श्री शीतला माता मंदिर में हुई दुर्भाग्यपूर्ण घटना में श्रद्धालुओं का निधन अत्यंत दुःखद एवं पीड़ादायक है।
मेरी संवेदनाएं शोक संतप्त परिवारों के साथ हैं।
माँ शीतला देवी से प्रार्थना है कि दिवंगत आत्माओं को सद्गति, शोकाकुल परिजनों को यह अथाह दुःख सहन करने की शक्ति एवं घायलों को शीघ्र स्वास्थ्य लाभ प्रदान करें।
नितिन नवीन ने व्यक्त की संवेदना
आज नालंदा जिला के बिहार शरीफ स्थित शीतला माता मंदिर में हुई भगदड़ की अत्यंत दुखद घटना में कई श्रद्धालुओं के निधन एवं कई के घायल होने के समाचार हृदय को व्यथित करने वाला है।
ईश्वर से दिवंगत आत्माओं की शांति तथा शोकाकुल परिजनों को इस अपार दुःख को सहन करने की शक्ति प्रदान करने की प्रार्थना करता हूँ। साथ ही सभी घायलों के शीघ्र स्वस्थ होने की कामना करता हूँ।
प्रधानमंत्री राष्ट्रीय राहत कोष (PMNRF) से प्रत्येक मृतक के परिजनों को 2 लाख रुपये और घायलों को 50,000 रुपये की अनुग्रह राशि दी जाएगी। इस कठिन घड़ी में पूरा देश शोकसंतप्त परिवारों के साथ खड़ा है।










