मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के वर्चुअल संबोधन के बीच गोपाल सरस्वती इंटर कॉलेज में हुआ अनुदेशक सम्मान समारोह, वितरित किए गए चेक

रायबरेली: जनपद रायबरेली के कोतवाली नगर क्षेत्र अंतर्गत रतापुर चौराहे के समीप स्थित गोपाल सरस्वती इंटर कॉलेज में रविवार को बेसिक शिक्षा विभाग द्वारा अनुदेशक सम्मान समारोह एवं चेक वितरण कार्यक्रम का भव्य आयोजन किया गया। कार्यक्रम में उत्तर प्रदेश सरकार के राज्य मंत्री स्वतंत्र प्रभार उद्यान एवं कृषि विपणन विभाग दिनेश प्रताप सिंह मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुए। कार्यक्रम की अध्यक्षता भी मंत्री दिनेश प्रताप सिंह ने की।

इस दौरान मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने लखनऊ से वर्चुअल माध्यम से कार्यक्रम को संबोधित किया। मुख्यमंत्री के वर्चुअल कार्यक्रम के माध्यम से प्रदेश भर के अनुदेशकों को चेक वितरित किए गए। रायबरेली में भी कार्यक्रम स्थल पर मौजूद अनुदेशकों को चेक प्रदान किए गए।

कार्यक्रम में जिले के मुख्य विकास अधिकारी सहित बेसिक शिक्षा विभाग के कई वरिष्ठ अधिकारी, शिक्षक, अनुदेशक एवं बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएं उपस्थित रहीं। समारोह के दौरान विभिन्न कस्तूरबा गांधी आवासीय विद्यालयों की छात्राओं ने रंगारंग सांस्कृतिक कार्यक्रम प्रस्तुत कर उपस्थित लोगों का मन मोह लिया। छात्राओं की प्रस्तुतियों पर अतिथियों ने तालियों के साथ उनका उत्साहवर्धन किया।

इस अवसर पर मंत्री दिनेश प्रताप सिंह ने कहा कि प्रदेश सरकार शिक्षा व्यवस्था को मजबूत करने और शिक्षकों तथा अनुदेशकों के हितों की रक्षा के लिए लगातार कार्य कर रही है। उन्होंने कहा कि बच्चों के भविष्य निर्माण में शिक्षकों और अनुदेशकों की भूमिका अत्यंत महत्वपूर्ण है और सरकार उनके सम्मान व सुविधाओं के प्रति पूरी तरह संवेदनशील है।

मंत्री ने कहा कि प्रदेश सरकार ग्रामीण क्षेत्रों तक बेहतर शिक्षा पहुंचाने के लिए निरंतर प्रयासरत है। उन्होंने छात्र-छात्राओं को मन लगाकर पढ़ाई करने और अपने माता-पिता व जिले का नाम रोशन करने की प्रेरणा दी।

कार्यक्रम के दौरान अधिकारियों ने शिक्षा विभाग की विभिन्न योजनाओं एवं उपलब्धियों की जानकारी भी दी। समारोह का समापन सम्मान वितरण और सांस्कृतिक कार्यक्रमों के साथ हुआ।

Other Latest News

Leave a Comment