हरचंदपुर में सपा के प्रदर्शन के बाद अघोषित बिजली कटौती पर फूटा व्यापारियों का गुस्सा, एसडीओ को सौंपा ज्ञापन

रायबरेली जनपद के हरचंदपुर क्षेत्र में लगातार हो रही अघोषित बिजली कटौती और रात भर की ट्रिपिंग से परेशान स्थानीय व्यापारियों और नागरिकों का आक्रोश अब खुलकर सामने आने लगा है। इसको लेकर समाजवादी पार्टी के विधायक राहुल चौधरी ने भी जीते कुछ दिनों पहले पत्राचार किया था भीषण गर्मी के बीच रात-रात भर बिजली गायब रहने से लोगों की दिनचर्या पूरी तरह प्रभावित हो रही है। इसी समस्या को लेकर आज दिनांक 27 मई 2026 दिन बुधवार को समय करीब 3 बजे व्यापार मंडल के पदाधिकारियों ने बिजली विभाग के उपखंड अधिकारी (SDO) को ज्ञापन सौंपकर तत्काल व्यवस्था सुधारने की मांग की।

व्यापारियों ने कहा कि हरचंदपुर क्षेत्र में इन दिनों बिजली व्यवस्था पूरी तरह चरमरा गई है। खासकर रात के समय बार-बार ट्रिपिंग और घंटों की अघोषित कटौती से लोगों का जीना मुहाल हो गया है। लोगों का कहना है कि भीषण गर्मी और उमस के कारण बिना बिजली के रात बिताना बेहद मुश्किल हो रहा है। बच्चे, बुजुर्ग और मरीज सबसे ज्यादा परेशान हैं।

व्यापार मंडल के पदाधिकारियों ने साफ शब्दों में कहा कि यदि बिजली विभाग को कटौती करनी ही है तो वह दिन के समय की जाए, लेकिन रात में निर्बाध बिजली आपूर्ति सुनिश्चित की जाए ताकि आम जनता चैन की नींद सो सके। व्यापारियों ने बताया कि लगातार रात में बिजली गुल रहने से लोग पूरी रात जागने को मजबूर हैं, जिसका असर उनके व्यापार और दैनिक कार्यों पर भी पड़ रहा है। दुकानदार दिन में थकान और नींद की वजह से अपने कारोबार पर ठीक से ध्यान नहीं दे पा रहे हैं।

ज्ञापन के माध्यम से व्यापारियों ने बिजली विभाग से मांग की कि अघोषित कटौती पर तत्काल रोक लगाई जाए और यदि रोस्टिंग आवश्यक हो तो उसका समय पहले से सार्वजनिक किया जाए, ताकि लोग अपनी दिनचर्या उसी हिसाब से व्यवस्थित कर सकें। उन्होंने चेतावनी दी कि यदि जल्द समस्या का समाधान नहीं हुआ तो व्यापार मंडल जनता के साथ मिलकर आंदोलन करने को बाध्य होगा।

वहीं बिजली विभाग के अधिकारियों ने व्यापारियों को आश्वासन दिया कि समस्या का समाधान कराने का प्रयास किया जाएगा और उच्चाधिकारियों को भी स्थिति से अवगत कराया जाएगा।

Other Latest News

Leave a Comment