Tiranga Yatra 2026: भारतीय जनता पार्टी, बोकारो थर्मल के तत्वावधान में स्वतंत्रता आंदोलन के अमर शहीदों के सम्मान में भव्य एवं विशाल तिरंगा यात्रा निकाली गई। हाथों में तिरंगा लेकर बड़ी संख्या में भाजपा कार्यकर्ताओं ने देशभक्ति के नारों के साथ नगर का भ्रमण किया। पूरे यात्रा मार्ग में ‘भारत माता की जय’ और देशभक्ति के नारों से वातावरण गुंजायमान रहा।
तिरंगा यात्रा भाजपा कार्यालय से शुरू होकर झारखंड चौक, स्टेशन चौक एवं अस्पताल मोड़ होते हुए पुनः भाजपा कार्यालय पहुंची। यात्रा के दौरान कार्यकर्ताओं में खासा उत्साह देखने को मिला। राष्ट्रीय ध्वज के प्रति सम्मान और देशभक्ति की भावना से ओत-प्रोत कार्यकर्ताओं ने स्वतंत्रता संग्राम के वीर शहीदों को श्रद्धापूर्वक नमन किया।

इस अवसर पर भाजपा झारखंड प्रदेश रांची प्रभारी भरत यादव, श्रवण सिंह, सदन सिंह, चंद्रप्रकाश सिंह, मोती महतो, बिश्वनाथ यादव सहित दर्जनों भाजपा कार्यकर्ता एवं समर्थक मौजूद रहे।
नेताओं ने कहा कि तिरंगा देश की आन, बान और शान का प्रतीक है। स्वतंत्रता सेनानियों के त्याग और बलिदान को याद करते हुए राष्ट्र की एकता, अखंडता एवं सम्मान की रक्षा का संकल्प लेना प्रत्येक नागरिक का कर्तव्य है। तिरंगा यात्रा ने नगरवासियों में भी देशभक्ति और राष्ट्रप्रेम की भावना को और प्रबल किया।










