Khel Mahotsav 2026: राष्ट्रीय खेल दिवस पर डीवीसी में तीन दिवसीय खेल महोत्सव शुरू

Khel Mahotsav 2026: सीजीएम ने अधिकारियों व कर्मचारियों को दिलाई फिट इंडिया की शपथ

Khel Mahotsav 2026: राष्ट्रीय खेल दिवस के अवसर पर डीवीसी बोकारो थर्मल के ऑफिसर्स क्लब में गुरुवार को तीन दिवसीय खेल महोत्सव का शुभारंभ हुआ। कार्यक्रम की शुरुआत दीप प्रज्वलन से की गई। इसके बाद परियोजना प्रधान सह सीजीएम सुशील कुमार अरजरिया ने अधिकारियों एवं कर्मचारियों को फिट इंडिया की शपथ दिलाई।

महोत्सव के पहले दिन डीवीसी कर्मचारियों के लिए कैरम प्रतियोगिता आयोजित की गई। वहीं, शाम को स्वामी विवेकानंद मैदान में कर्मचारियों के बीच फुटबॉल मैच हुआ। शुक्रवार को ऑफिसर्स क्लब में डीवीसी कर्मचारियों एवं स्कूली छात्रों के लिए बैडमिंटन प्रतियोगिता तथा कर्मचारियों के लिए शतरंज प्रतियोगिता आयोजित होगी। शनिवार को ऑफिसर्स क्लब में समापन सह सम्मान समारोह के साथ खेल महोत्सव का समापन किया जाएगा।

इस अवसर पर सीजीएम सह परियोजना प्रधान सुशील कुमार अरजरिया ने कहा कि मेजर ध्यानचंद की जयंती को सरकार ने राष्ट्रीय खेल दिवस के रूप में घोषित किया है। इसी क्रम में डीवीसी में भी खेलकूद प्रतियोगिताओं का आयोजन किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि खेल आज हमारी जीवनशैली का अभिन्न हिस्सा बन चुका है। बच्चों के लगातार मोबाइल में व्यस्त रहना चिंता का विषय है। उन्हें मोबाइल से दूर होकर मैदान में आकर खेलना चाहिए।

उन्होंने कहा कि खेलों को बढ़ावा देने का ही परिणाम है कि भारत आज राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर लगातार बेहतर प्रदर्शन कर रहा है। खेल शारीरिक स्वास्थ्य के साथ-साथ मानसिक विकास में भी महत्वपूर्ण भूमिका निभाता है।

कार्यक्रम में ओ एंड एम के मधुकर श्रीवास्तव, महाप्रबंधक (एचआर) ए.ए. कुजूर, एसपीएम पार्थ सारथी मुखर्जी, सरफराज शेख समेत डीवीसी के अन्य अधिकारी एवं कर्मचारी मौजूद थे।

Other Latest News

Leave a Comment