Bokaro Thermal: प्रधानमंत्री टीबी मुक्त भारत अभियान के तहत सोमवार को बोकारो थर्मल स्थित डीवीसी ऑफिसर्स क्लब में पोषण किट वितरण कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम में लगातार दूसरे महीने पंजीकृत 50 टीबी मरीजों के बीच पोषण किट का वितरण किया गया।
इस दौरान बताया गया कि टीबी मरीजों को उपचार के साथ पर्याप्त पोषण उपलब्ध कराना बेहद जरूरी है। पोषण की कमी से मरीजों की रोग प्रतिरोधक क्षमता प्रभावित होती है, जबकि नियमित और पौष्टिक आहार से शरीर को बीमारी से लड़ने में मदद मिलती है और उपचार के दौरान स्वास्थ्य में सुधार तेजी से हो सकता है।

कार्यक्रम में जानकारी दी गई कि अगले छह महीने तक प्रत्येक माह की 30 तारीख को सभी पंजीकृत लाभुकों को पोषाहार उपलब्ध कराया जाएगा। डीवीसी सीएसआर की ओर से 50 टीबी मरीजों को गोद लेकर उन्हें नियमित पोषण किट उपलब्ध कराने की पहल की गई है। यह अभियान प्रधानमंत्री के टीबी मुक्त भारत अभियान एवं राज्य सरकार के सहयोग से संचालित किया जा रहा है।
कार्यक्रम में डीवीसी सीएसआर के वरीय प्रबंधक मनीष कुमार चौधरी, भैरो महतो, जीवाधन महतो, रमेश यादव एवं ओमप्रकाश यादव सहित अन्य लोग मौजूद थे।










