गोविंदपुर डी पंचायत भवन में SIR को लेकर विशेष सुनवाई शिविर, 20 प्रतिशत अनमैप्ड मतदाताओं की जांच तेज

बोकारो थर्मल: बेरमो प्रखंड के बोकारो थर्मल गोविंदपुर डी पंचायत भवन में मंगलवार को मतदाता सूची के विशेष गहन पुनरीक्षण (SIR) को लेकर सूचना एवं सुनवाई शिविर का आयोजन किया गया। शिविर में बेरमो के प्रखंड विकास पदाधिकारी मुकेश कुमार ने ग्रामीणों को एसआईआर (SIR) की प्रक्रिया के बारे में विस्तार से जानकारी दी। उन्होंने बताया कि चुनाव आयोग के निर्देश पर झारखंड में एसआईआर का पहला चरण पूरा हो चुका है और 5 अगस्त को ड्राफ्ट सूची के प्रकाशन के बाद अब मतदाताओं की जांच-पड़ताल की जा रही है।

बीडीओ ने बताया कि मतदाता सूची में नाम जोड़ने के लिए 11 तरह के दस्तावेज और आधार सहित कुल 12 दस्तावेजों का मिलान किया जा रहा है। इसके साथ ही 2003 में हुए गहन सर्वेक्षण से माता, पिता, दादा, दादी, नाना, नानी के नाम से मैपिंग की जा रही है। जिनका नाम 2003 की सूची में नहीं है, उनकी मैपिंग परिजनों के आधार पर की जाएगी।

उन्होंने बताया कि क्षेत्र में लगभग 80 प्रतिशत मतदाताओं की मैपिंग पूरी हो चुकी है, जबकि 20 प्रतिशत अनमैप्ड मतदाता बचे हैं। बीएलओ और बीएलओ ऐप के माध्यम से निर्धारित दस्तावेज लेकर उनका सत्यापन कर नाम जोड़ा जा रहा है। इस अवसर पर गोविंदपुर डी पंचायत की मुखिया चंदना मिश्रा ने कहा कि पंचायत के एक भी योग्य मतदाता का नाम सूची से छूटना नहीं चाहिए।

उन्होंने ग्रामीणों से अपील करते हुए कहा कि सभी ग्रामीण अपने आवश्यक दस्तावेज लेकर बीएलओ से संपर्क करें और शिविर में आकर अपना सत्यापन जरूर कराएं। यह लोकतंत्र को मजबूत करने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम है, इसमें सभी का सहयोग जरूरी है। इस मौके पर मिथिलेश कुमार पांडेय, दीपक लोहरा, प्रदीप यादव, सुमित यादव, राजू पंडित, मो. जावेद, रिंकी कुमारी, अनिल लाल सोरेन सहित बड़ी संख्या में ग्रामीण उपस्थित थे।

Other Latest News

Leave a Comment