Raebareli: रायबरेली के तहसील सदर में आयोजित संपूर्ण समाधान दिवस में फरियादियों की समस्याएं सुनी गईं। करीब 12:30 बजे तक आयोजित समाधान दिवस में दो दर्जन से अधिक शिकायती पत्र प्राप्त हुए। अधिकारियों ने इनमें से चार शिकायतों का मौके पर ही निस्तारण कराया, जबकि शेष शिकायतों को संबंधित विभागों और अधिकारियों को सौंपते हुए जांच कर समयबद्ध कार्रवाई के निर्देश दिए गए।
संपूर्ण समाधान दिवस का आयोजन जिलाधिकारी शरणजीत कौर और पुलिस अधीक्षक रवि कुमार के निर्देशन में किया गया। कार्यक्रम की अध्यक्षता उप जिलाधिकारी सदर गौतम सिंह और सीओ सिटी आशीष निगम ने की। अधिकारियों ने बारी-बारी से फरियादियों की समस्याएं सुनीं और संबंधित अधिकारियों से शिकायतों की स्थिति के बारे में जानकारी ली।

समाधान दिवस में मुख्य रूप से लड़ाई-झगड़े, भूमि विवाद, नाली, खड़ंजा तथा अन्य राजस्व से संबंधित शिकायतें सामने आईं। पुलिस से जुड़ी शिकायतों को लेकर सीओ सिटी आशीष निगम ने संबंधित थाना प्रभारियों को निर्देश दिया कि प्राप्त शिकायतों की गंभीरता से जांच कर नियमानुसार कार्रवाई की जाए और मामलों का निस्तारण समय सीमा के भीतर सुनिश्चित किया जाए।
वहीं, राजस्व से संबंधित शिकायतों पर एसडीएम सदर गौतम सिंह ने संबंधित क्षेत्र के राजस्व निरीक्षकों, लेखपालों और अन्य अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि जमीन, नाली, खड़ंजा और रास्ते से जुड़े विवादों की मौके पर जांच कर वास्तविक स्थिति की रिपोर्ट तैयार की जाए और शिकायतों का समयबद्ध तरीके से निस्तारण कराया जाए।
संपूर्ण समाधान दिवस में तहसील क्षेत्र के विभिन्न थानों के थाना प्रभारी भी मौजूद रहे। अधिकारियों ने स्पष्ट किया कि फरियादियों की शिकायतों के निस्तारण में किसी प्रकार की लापरवाही न बरती जाए और प्रत्येक प्रकरण में निष्पक्ष जांच के बाद नियमानुसार कार्रवाई सुनिश्चित की जाए।










