Bokaro Thermal: केंद्रीय विद्यालय बोकारो थर्मल में पर्यावरण संरक्षण और इलेक्ट्रॉनिक कचरे के सुरक्षित निस्तारण के प्रति जागरूकता बढ़ाने के उद्देश्य से आयोजित तीन दिवसीय ई-वेस्ट ड्राइव का बुधवार को समापन हुआ। 26 से 28 अक्टूबर तक चले इस अभियान में विद्यालय के 35 विद्यार्थियों ने उत्साहपूर्वक भाग लेते हुए कुल 44 ई-वेस्ट सामग्रियां जमा कीं।
अभियान के दौरान विद्यार्थियों ने पुरानी केबल, खराब चार्जर, सर्किट और अन्य अनुपयोगी इलेक्ट्रॉनिक उपकरण एकत्र किए। केंद्रीय विद्यालय संगठन, क्षेत्रीय कार्यालय रांची के निर्देशानुसार संग्रहित सभी 44 सामग्रियों को सुरक्षित निस्तारण एवं रिसाइक्लिंग की आगे की प्रक्रिया के लिए केंद्रीय विद्यालय क्रमांक-1, बोकारो स्टील सिटी को सौंप दिया गया।

अभियान के समापन पर विद्यालय के प्राचार्य डॉ. बी.आर. डे ने विद्यार्थियों को संबोधित करते हुए कहा कि आधुनिक जीवन में इलेक्ट्रॉनिक उपकरणों का उपयोग तेजी से बढ़ रहा है। ऐसे में खराब और अनुपयोगी उपकरणों का उचित निस्तारण नहीं होने से पर्यावरण और मानव स्वास्थ्य पर प्रतिकूल प्रभाव पड़ सकता है।
उन्होंने कहा कि ई-वेस्ट में मौजूद सीसा, पारा और कैडमियम जैसे हानिकारक तत्व मिट्टी और जल को प्रदूषित कर सकते हैं। इसलिए इलेक्ट्रॉनिक कचरे को खुले में फेंकने के बजाय अधिकृत माध्यमों से उसका सुरक्षित निस्तारण और पुनर्चक्रण कराना आवश्यक है।
प्राचार्य ने कहा कि 35 विद्यार्थियों द्वारा 44 ई-वेस्ट सामग्रियां जमा करना पर्यावरण के प्रति उनकी जिम्मेदारी और जागरूकता का सकारात्मक उदाहरण है। उन्होंने विद्यार्थियों से अपने घरों और आसपास के क्षेत्रों में भी ई-वेस्ट प्रबंधन के प्रति लोगों को जागरूक करने की अपील की।
छोटे प्रयासों से होगा बड़ा बदलाव
विद्यालय में आयोजित इस अभियान का उद्देश्य विद्यार्थियों में पर्यावरण संरक्षण, वैज्ञानिक दृष्टिकोण और सामाजिक उत्तरदायित्व की भावना विकसित करना था। अभियान के माध्यम से विद्यार्थियों को यह संदेश दिया गया कि इलेक्ट्रॉनिक कचरे का सही प्रबंधन स्वच्छ और सुरक्षित पर्यावरण के निर्माण में महत्वपूर्ण भूमिका निभाता है।










