Kathara: विद्यालय के विकास में योगदान देकर विदा हुए कथारा के महाप्रबंधक ए.के.बी. सिंह

डीएवी पब्लिक स्कूल में दी गई भावभीनी विदाई, प्राचार्य ने शॉल, स्मृति चिह्न और पौधा भेंटकर किया सम्मानित

Kathara: सीसीएल कथारा क्षेत्र के महाप्रबंधक सह डीएवी पब्लिक स्कूल, सीसीएल कथारा की स्थानीय प्रबंधन समिति (एलएमसी) के अध्यक्ष ए.के.बी. सिंह के स्थानांतरण पर शुक्रवार, 30 अक्टूबर को विद्यालय परिसर में विदाई समारोह आयोजित किया गया। विद्यालय के प्राचार्य सह झारखंड जोन-आई के सहायक क्षेत्रीय पदाधिकारी डॉ. जी.एन. खान ने उन्हें शॉल, विद्यालय का स्मृति चिह्न और हरित पौधा भेंटकर सम्मानित किया। इस दौरान विद्यालय के विकास में उनके योगदान और सहयोग को याद किया गया।

मौके पर प्राचार्य डॉ. जी.एन. खान ने कहा कि महाप्रबंधक ए.के.बी. सिंह का विद्यालय के विकास में योगदान हमेशा याद रखा जाएगा। उनके कार्यकाल में सीसीएल प्रबंधन के सहयोग से विद्यालय में आधारभूत सुविधाओं के विस्तार और शैक्षणिक वातावरण को बेहतर बनाने की दिशा में कई महत्वपूर्ण प्रयास किए गए। उन्होंने हमेशा विद्यालय की आवश्यकताओं को प्राथमिकता देते हुए विद्यार्थियों को बेहतर शैक्षणिक सुविधाएं उपलब्ध कराने में सकारात्मक भूमिका निभाई।

प्राचार्य ने कहा कि श्री सिंह का जुड़ाव केवल एक प्रशासनिक अधिकारी तक सीमित नहीं रहा, बल्कि वे विद्यालय के शुभचिंतक और मार्गदर्शक के रूप में भी हमेशा सहयोग करते रहे। विद्यालय की आधारभूत संरचना को मजबूत करने, आवश्यक संसाधन उपलब्ध कराने और विकासात्मक गतिविधियों को प्रोत्साहित करने में उनका योगदान सराहनीय रहा है।

उन्होंने कहा कि स्थानांतरण सरकारी सेवा का हिस्सा है, लेकिन किसी व्यक्ति का कार्य, सहयोग और आत्मीयता हमेशा स्मृतियों में बनी रहती है। विद्यालय परिवार उनके सहयोग और सकारात्मक सोच के लिए सदैव आभारी रहेगा। इस अवसर पर उन्होंने श्री सिंह के नए कार्यक्षेत्र और आगामी जिम्मेदारियों के लिए शुभकामनाएं देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की।

विदाई समारोह में जारंगडीह के परियोजना पदाधिकारी प्रवीर सेनगुप्ता, कथारा के परियोजना पदाधिकारी रंजीत सिंह, सीसीएल के अन्य अधिकारी तथा विद्यालय के शिक्षक राकेश रंजन उपस्थित थे।

Other Latest News

Leave a Comment