Raebareli: विकास भवन में सरदार पटेल की जयंती पर डीएम ने किया माल्यार्पण, अधिकारियों और कर्मचारियों को दिलाई राष्ट्रीय एकता की शपथ

राष्ट्र की एकता, अखंडता और सुरक्षा बनाए रखने का लिया संकल्प, लौह पुरुष के आदर्शों पर चलने का किया आह्वान

Raebareli: रायबरेली जिला में लौह पुरुष एवं देश के प्रथम उप प्रधानमंत्री सरदार वल्लभभाई पटेल की 151वीं जयंती शनिवार को जनपद में श्रद्धा और सम्मान के साथ मनाई गई। इस अवसर पर जिलाधिकारी सरनीत कौर ब्रोका ने कलेक्ट्रेट सभागार में सरदार वल्लभभाई पटेल के चित्र पर माल्यार्पण कर उन्हें श्रद्धासुमन अर्पित किए। कार्यक्रम के दौरान जिलाधिकारी ने उपस्थित अधिकारियों एवं कर्मचारियों को राष्ट्रीय एकता की शपथ दिलाई और देश की एकता, अखंडता एवं सुरक्षा को अक्षुण्ण बनाए रखने के लिए पूरी निष्ठा एवं समर्पण के साथ कार्य करने का आह्वान किया।

इस अवसर पर जिलाधिकारी ने सरदार वल्लभभाई पटेल के व्यक्तित्व एवं कृतित्व पर प्रकाश डालते हुए कहा कि सरदार पटेल का संपूर्ण जीवन राष्ट्रसेवा, दृढ़ संकल्प और देशहित के प्रति समर्पण का अनुपम उदाहरण है। उन्होंने स्वतंत्रता के बाद देशी रियासतों का एकीकरण कर भारत को एक मजबूत राष्ट्र के रूप में स्थापित करने में ऐतिहासिक एवं अतुलनीय भूमिका निभाई। उनकी दूरदर्शिता, नेतृत्व क्षमता और मजबूत इच्छाशक्ति के कारण ही देश की एकता और अखंडता को नई मजबूती मिली।

जिलाधिकारी ने कहा कि सरदार पटेल के विचार आज भी प्रासंगिक हैं। उनके आदर्श हमें आपसी मतभेदों से ऊपर उठकर राष्ट्रहित को सर्वोपरि रखने की प्रेरणा देते हैं। उन्होंने अधिकारियों एवं कर्मचारियों से अपने दायित्वों का निर्वहन पूरी ईमानदारी, निष्पक्षता और जिम्मेदारी के साथ करने तथा समाज में आपसी सद्भाव, भाईचारे और एकता की भावना को मजबूत बनाने में सक्रिय भूमिका निभाने की अपील की।

राष्ट्रीय एकता की शपथ के दौरान सभी अधिकारियों एवं कर्मचारियों ने राष्ट्र की एकता, अखंडता और सुरक्षा को बनाए रखने, देशवासियों के बीच आपसी सौहार्द एवं भाईचारे की भावना को प्रोत्साहित करने तथा देश की आंतरिक सुरक्षा सुनिश्चित करने में अपना योगदान देने का संकल्प लिया।

कार्यक्रम के अंत में सरदार वल्लभभाई पटेल के राष्ट्र निर्माण में दिए गए अमूल्य योगदान को याद करते हुए उनके बताए मार्ग पर चलने तथा राष्ट्रीय एकता की भावना को जन-जन तक पहुंचाने का संदेश दिया गया।

Other Latest News

Leave a Comment