Raebareli: मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. मनोज शुक्ला की अध्यक्षता में कार्यालय मुख्य चिकित्सा अधिकारी, रायबरेली में तम्बाकू नियंत्रण प्रकोष्ठ के तत्वावधान में तम्बाकू मुक्त युवा अभियान के सफल संचालन को लेकर संबंधित स्टेकहोल्डर विभागों की समन्वय बैठक आयोजित की गई। अभियान 28 अक्टूबर 2026 से आगामी दो माह तक संचालित किया जाएगा।
बैठक में तम्बाकू नियंत्रण प्रकोष्ठ के नोडल अधिकारी डॉ. अरुण कुमार ने अभियान के अंतर्गत प्रस्तावित गतिविधियों की विस्तृत जानकारी देते हुए सभी विभागों की जिम्मेदारियों से अवगत कराया। उन्होंने बताया कि अभियान के दौरान शिक्षा विभाग द्वारा 1100 शिक्षण संस्थानों को तम्बाकू मुक्त शिक्षण संस्थान (TOFEI) ऑपरेशनल गाइडलाइन के तहत तम्बाकू मुक्त बनाया जाएगा। वहीं, पंचायती राज विभाग के माध्यम से 100 गांवों को तम्बाकू मुक्त बनाने तथा पुलिस विभाग द्वारा 80 प्रवर्तन अभियान एवं गतिविधियां संचालित की जाएंगी।

उन्होंने संबंधित विभागों को अभियान के प्रचार-प्रसार एवं प्रभावी क्रियान्वयन के लिए बैनर, हैंडबिल तथा कोटपा अधिनियम-2003 की धारा 4 एवं धारा 6 (बी) से संबंधित साइनेज उपलब्ध कराने की जानकारी दी। साथ ही सभी विभागों को प्रतिदिन की गतिविधियों की रिपोर्ट तम्बाकू नियंत्रण प्रकोष्ठ के एमआईएस पोर्टल पर अपलोड करने तथा साप्ताहिक हार्डकॉपी रिपोर्ट कार्यालय में उपलब्ध कराने के निर्देशों से अवगत कराया।
जिला सलाहकार पूनम ने अधिकारियों को कोटपा अधिनियम-2003 के अंतर्गत जुर्माना बुकलेट एवं मासिक जुर्माना रिपोर्टिंग प्रक्रिया की जानकारी दी। अभियान की गतिविधियों की नियमित निगरानी एवं सूचनाओं के आदान-प्रदान के लिए व्हाट्सऐप रिपोर्टिंग ग्रुप भी बनाया गया। इसके माध्यम से सभी विभाग प्रतिदिन की गई गतिविधियों की रिपोर्ट साझा करेंगे।
बैठक में उपस्थित सभी संबंधित विभागों के अधिकारियों ने अभियान के सफल संचालन में पूर्ण सहयोग प्रदान करने की सहमति व्यक्त की।










