Raebareli: रायबरेली में रिजर्व पुलिस लाइन स्थित क्रीड़ा मैदान में गुरुवार को जनपद स्तरीय दो दिवसीय बेसिक क्रीड़ा प्रतियोगिता एवं शैक्षिक समारोह 2026-27 का भव्य शुभारम्भ जिलाधिकारी सरनीत कौर ब्रोका ने किया। प्रतियोगिता में जनपद के विभिन्न विकास खंडों से पहुंचे परिषदीय विद्यालयों के छात्र-छात्राएं अपनी खेल प्रतिभा का प्रदर्शन करेंगे।
कार्यक्रम का शुभारम्भ जिलाधिकारी ने मां सरस्वती के चित्र पर माल्यार्पण एवं दीप प्रज्ज्वलित कर किया। इस दौरान उन्होंने प्रतिभागी बच्चों का उत्साहवर्धन करते हुए प्रतियोगिता के सफल आयोजन की शुभकामनाएं दीं।

समारोह को संबोधित करते हुए जिलाधिकारी सरनीत कौर ब्रोका ने कहा कि खेलकूद विद्यार्थियों के सर्वांगीण विकास का महत्वपूर्ण माध्यम है। खेल केवल शारीरिक क्षमता बढ़ाने तक सीमित नहीं हैं, बल्कि इनके माध्यम से बच्चों में अनुशासन, आत्मविश्वास, नेतृत्व क्षमता, आपसी सहयोग और टीम भावना भी विकसित होती है। उन्होंने कहा कि शिक्षा के साथ खेलकूद और रचनात्मक गतिविधियों में बच्चों की भागीदारी बेहद जरूरी है।
डीएम ने कहा कि ऐसी प्रतियोगिताएं ग्रामीण क्षेत्रों और परिषदीय विद्यालयों में छिपी खेल प्रतिभाओं को सामने लाने का बेहतर मंच प्रदान करती हैं। प्रतियोगिताओं में जीत और हार से अधिक महत्वपूर्ण खेल भावना के साथ प्रतिभाग करना तथा निरंतर आगे बढ़ने का प्रयास करना है। उन्होंने बच्चों को पूरे उत्साह और मेहनत के साथ प्रतियोगिताओं में हिस्सा लेने के लिए प्रेरित किया।
दो दिवसीय आयोजन के दौरान विभिन्न विकास खंडों से आए परिषदीय विद्यालयों के छात्र-छात्राएं खेलकूद एवं शैक्षिक प्रतियोगिताओं में अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन करेंगे। इस आयोजन से बच्चों को अपनी क्षमता निखारने के साथ भविष्य की उच्च स्तरीय प्रतियोगिताओं के लिए तैयार होने का अवसर मिलेगा।










